विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी स्‍नातक के भाजपा उम्‍मीदवार ने स्‍वीकारी हार, समर्थकों के प्रति जताया आभार, कहा- 'जनसेवा का संकल्प रहेगा जारी'

By Sonu SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 29 Oct 2026 11:32 AM (IST)

वाराणसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा उम्मीदवार केदारनाथ सिंह ने परिणाम आने से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ...और पढ़ें

HighLights

  1. भाजपा उम्मीदवार केदारनाथ सिंह ने हार स्वीकार की।

  2. मतदाताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

  3. जनसेवा का संकल्प हमेशा जारी रखने का वादा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी: वाराणसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार केदारनाथ सिंह ने चुनाव परिणाम आने से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। पर‍िणाम व‍िपरीत आने के बाद उन्होंने एक विस्तृत संदेश जारी कर क्षेत्र के समस्त मतदाताओं, पार्टी पदाधिकारियों और देवतुल्य कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी कृतज्ञता और आभार व्यक्त किया है। 

जनादेश को पूर्ण विनम्रता से किया स्वीकार

मतदाताओं के नाम जारी अपने संदेश में केदारनाथ सिंह ने कहा कि वाराणसी खंड के समस्त सम्मानित स्नातक मतदाताओं ने इस चुनाव में जो भी स्नेह और आशीर्वाद दिया, वह उनके लिए अमूल्य है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे जनादेश को पूर्ण विनम्रता और लोकतांत्रिक मर्यादा के साथ स्वीकार करते हैं। हालांकि इस चुनाव में उन्हें अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं हो सकी, लेकिन मतदाताओं का यह विश्वास उनके लिए हमेशा सर्वोपरि रहेगा।

उन्होंने कहा कि उनके लिए राजनीति कभी भी मात्र सत्ता या पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं रही है, बल्कि यह हमेशा से समाज के प्रति अपनी जवाबदेही तय करने और जनसेवा के संकल्प को जमीन पर उतारने का एक सतत माध्यम रही है। चुनाव में जीत और हार लोकतांत्रिक प्रक्रिया के दो महत्वपूर्ण पहलू हैं, लेकिन जनता की सेवा करने का संकल्प किसी भी परिणाम या हार-जीत का मोहताज नहीं होता। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पहले की तरह ही हमेशा जनता के बीच उपस्थित रहेंगे और स्नातक समाज के हितों, उनकी समस्याओं के समाधान तथा उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध बने रहेंगे।

यह भी पढ़ें : वाराणसी में स्नातक एमएलसी पर‍िणाम में सपा को बढ़त, कार्यकर्ताओं में उत्साह, ढोल-नगाड़ों पर थिरके

पार्टी कार्यकर्ताओं और संगठन का जताया आभार

अपने संदेश में केदारनाथ सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, ऊर्जावान कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं समर्थकों का भी हृदय से आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि कठिन चुनावी संघर्ष के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिस निष्ठा, समर्पण और परिश्रम के साथ उनका साथ दिया, वह अत्यंत सराहनीय है। कार्यकर्ताओं का यही अटूट विश्वास और सहयोग उनकी असली ताकत है, जो उन्हें भविष्य में भी जनहित के कार्यों में डटे रहने की प्रेरणा देता रहेगा।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना बयान

वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की इस सीट पर मतगणना के दौरान शुरुआती रुझानों और परिणामों से यह स्पष्ट हो गया था कि मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा है। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार केदारनाथ सिंह द्वारा स्वयं आगे आकर हार स्वीकार करना और जनता के प्रति आभार जताना राजनीतिक विश्लेषकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने अपने संदेश के अंत में सभी शुभचिंतकों और समर्थकों का आभार जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और कहा कि उनका स्नेह व आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। इस बयान के सामने आने के बाद से क्षेत्र के राजनीतिक परिदृश्य में विभिन्न चर्चाएं तेज हो गई हैं।

यह भी पढ़ें : वाराणसी में स्‍नातक एमएलसी की मैराथन मतगणना तीसरे द‍िन भी जारी, सपा ने बनाई न‍िर्णायक बढ़त, भाजपा खेमे में सन्नाटा