वाराणसी में स्नातक एमएलसी परिणाम में सपा को बढ़त, कार्यकर्ताओं में उत्साह, ढोल-नगाड़ों पर थिरके
वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने निर्णायक बढ़त बना ली है, जिससे कार्यकर्ताओं में ...और पढ़ें
HighLights
सपा के आशुतोष सिन्हा वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव में आगे।
कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया।
सपा ने इसे 2027 विधानसभा चुनाव का संकेत बताया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। वाराणसी खंड के शिक्षक एमएलसी पद पर जीत के बाद स्नातक एमएलसी पद की मतगणना में भी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा की बढ़त से कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। नौवें राउंड की गिनती तक 16984 की निर्णायक बढ़त बना ली है। दूसरे नंबर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह हैं।
पहड़िया स्थित मतगणना स्थल के बाहर सपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते दिखाई दिए। कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में नारे लगाए और एक-दूसरे को बधाई दी। बारिश के बीच भी सपाई नाचते गाते नजर आए और एक दूसरे को जीत की अग्रिम बधाइयों में जुटे रहे।
मतगणना के दौरान आशुतोष सिन्हा करीब 17 हजार मतों से आगे चल रहे थे। इस बढ़त से उत्साहित सपा कार्यकर्ता अपनी जीत के प्रति आश्वस्त नजर आए। ढोल-नगाड़ों के बीच कार्यकर्ताओं ने ‘अखिलेश यादव जिंदाबाद’, ‘बधाई हो, बधाई हो’ और ‘अभी तो यह अंगड़ाई है, 2027 अभी बाकी है’ जैसे नारे लगाए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्नातक एमएलसी चुनाव के रुझान आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी एक संकेत हैं। मतगणना स्थल के बाहर देर तक जश्न का माहौल बना रहा। हालांकि, स्नातक एमएलसी पद पर अंतिम परिणाम की घोषणा के बाद ही जीत की आधिकारिक पुष्टि होगी।
