वाराणसी में काशी-तमिल संगमम् के उद्घाटन समारोह में शामिल हो सकते हैं अमित शाह, 28 नवंबर से शुरू होगा आयोजन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 28 नवंबर को वाराणसी में काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह में शामिल हो सकते हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
HighLights
अमित शाह काशी तमिल संगमम् उद्घाटन समारोह में हो सकते हैं शामिल।
पांचवां काशी तमिल संगमम् 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक वाराणसी में।
'थिरुक्कुरल पयिलोम' थीम उत्तर-दक्षिण सांस्कृतिक विरासत को जोड़ेगा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय का काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण का आयोजन इस वर्ष 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक होना है। इसके उद्घाटन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी उपस्थित रह सकते हैं। प्रशासन की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है।
काशी तमिल सगमम् का उद्घाटन समाराेह इस बार नमो घाट पर होगा। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्री 28 नवंबर को बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से सीधे नमोघाट पहुंचकर काशी तमिल संगमम् में भाग लेंगे। इसके बाद वह वापस अपने दौरे पर चले जाएंगे। इस कार्यक्रम में पहले से उपराष्ट्रपति सीपी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आना प्रस्तावित है। सभी वीवीआइपी का अभी मिनट टू मिनट कार्यक्रम नहीं आया है।
काशी तमिल संगमम् उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक व भाषाई विरासत को जोड़ने का महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके माध्यम से काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक व आध्यात्मिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। इसका लगातार प्रतिवर्ष आयोजन हो रहा है।
इस बार का थीम ‘थिरुक्कुरल पयिलोम – थिरुक्कुरल अभ्यास करें’ है। इसमें शास्त्रीय तमिल ग्रंथ तिरुक्कुरल की नैतिक व सदाचार संबंधी शिक्षाओं पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
तमिलनाडु से आठ दिवसीय यात्रा पर सात समूह आएंगे। यात्रा कार्यक्रम में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या शामिल होंगे जहां सांस्कृतिक, शैक्षणिक, विषय-विशिष्ट और आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। तमिलनाडु और काशी के लिए क्रमशः आइआइटी मद्रास और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय नोडल समन्वय संस्थान हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।