देव दीपावली पर काशी में अद्भुत नजारा, पर्यटन मंत्री बोले- सांस्कृतिक आयोजनों से मजबूत होती है अर्थव्यवस्था
काशी के नमो घाट पर कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया, जिसमें रेड कारपेट और फूलों से सजावट की गई। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह पर्व भारत की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है और पर्यटन व अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है।

काशी में देव दीपावली का अद्भुत नजारा पर्यटन और अर्थव्यवस्था को दे रहा नई ऊंचाई।
HighLights
नमो घाट पर देव दीपावली के लिए भव्य सजावट और इंतजाम।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही।
पर्यटन मंत्री ने सांस्कृतिक आयोजनों से अर्थव्यवस्था मजबूत होने की बात कही।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर काशी के नमो घाट पर श्रद्धालुओं और सैलानियों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। घाट पर आने वाले मेहमानों की अगवानी के लिए रेड कारपेट बिछाया गया है, वहीं पूरे परिसर को गेंदे के फूलों और आकर्षक रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया है।
भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई है और प्रशासन की ओर से ड्रोन कैमरों के जरिए पूरे इलाके पर पैनी नजर रखी जा रही है। उत्सव के सफल संचालन और व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 300 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। विभिन्न पॉइंट्स पर तैनात ये कर्मी दीपों की सजावट से लेकर भीड़ प्रबंधन और पर्यटकों की मदद करने में जुटे हैं। समारोह का शुभारंभ 'हर-हर महादेव' के गगनभेदी जयघोष के साथ हुआ।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि काशी की धरती पर देव दीपावली की छटा अद्वितीय होती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पर्व वैश्विक मंच पर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दर्शाता है। मंत्री ने यह भी कहा कि इस तरह के पारंपरिक उत्सवों से न केवल पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाई मिलती है, बल्कि देश की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होती है।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।