वाराणसी में नाव बांधने के विवाद में विधवा व देवरानी से मारपीट, नाव गंगा में धकेली
वाराणसी के तेलियानाला घाट पर नाव बांधने को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक विधवा और उसकी देवरानी के ...और पढ़ें

वाराणसी में नाव बांधने के विवाद में विधवा और देवरानी पर हमला।
HighLights
दबंगों ने विधवा और देवरानी से की मारपीट, नाव गंगा में धकेली।
तेलियानाला घाट पर नाव बांधने को लेकर हुआ यह विवाद।
आदमपुर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। 13 नवंबर को गंगा में नाव बांधने को लेकर हुई चाकूबाजी की घटना के बाद अब दबंगों ने एक विधवा और उसकी देवरानी के साथ मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने गंगा में बंधी महिलाओं की नाव खोलकर बीच धारा की ओर धकेल दी। पीड़िता की तहरीर पर आदमपुर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तेलियानाला घाट पर आए दिन दबंगई की घटनाएं होने के बावजूद पुलिस की निष्क्रियता पर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।
तेलियानाला निवासी विधवा रेनू साहनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके परिवार में ससुर के समय से नाव संचालन का काम होता आ रहा है। उन्होंने और उनकी देवरानी संगीता साहनी ने कर्ज लेकर पुरानी नाव की मरम्मत कराई और उससे जीविकोपार्जन कर रही हैं। रेनू के अनुसार, प्रहलाद घाट निवासी रमाशंकर उर्फ गोरख और उनके बेटे आकाश व सागर आए दिन विवाद करते हैं। 13 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे तीनों ने उनकी बंधी नाव खोलकर वहां अपनी बड़ी नाव बांधने की कोशिश की।
विरोध करने पर गाली-गलौज की और नाव को गंगा में धकेल दिया। इसके बाद तीनों ने दोनों महिलाओं के साथ मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग और घर के दो-तीन युवक मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि हमलावरों ने घाट पर मौजूद अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मारपीट और अभद्रता की। फिर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। हमले में रेनू और संगीता को चोटें आईं।