ब्याज माफी योजना: पुराने टैक्स के ब्याज और जुर्माने पर मिलेगी 100% तक छूट, 15 जनवरी तक करें आवेदन
उत्तर प्रदेश सरकार की ब्याज माफी योजना के तहत व्यापारियों को पुराने जीएसटी बकाये पर 50-100% तक ब्याज और अर्थदंड में छूट मिलेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पुराने जीएसटी बकाये पर 50-100% ब्याज/जुर्माना छूट।
पात्र व्यापारी 15 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन आवेदन करें।
उन्नाव राज्य कर कार्यालय में हेल्प डेस्क उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। प्रदेश सरकार की ब्याज माफी योजना के प्रति व्यापारियों और करदाताओं को जागरूक करने के लिए गुरुवार को शुक्लागंज स्थित एक गेस्ट हाउस में बैठक आयोजित की गई। इसमें राज्य कर विभाग के उपायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र व्यापारियों से इसका लाभ उठाने की अपील की।
उपायुक्त ने बताया कि योजना के तहत 31 दिसंबर 2025 तक के जीएसटी पूर्व बकाये पर लगने वाले ब्याज और अर्थदंड में 50 से 100 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान किया गया है। योजना 16 अक्टूबर 2026 से प्रभावी हो चुकी है।
पात्र करदाता 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://comtax.up.nic.in पर आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने में व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य कर कार्यालय उन्नाव में हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है। यहां करदाता योजना की पात्रता, छूट और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र व्यापारियों को योजना से जोड़कर पुराने बकाये के निस्तारण में राहत दिलाना है। बैठक में सहायक आयुक्त शैलेंद्र कुमार, राज्य कर अधिकारी देवर्षि दुबे, एडवोकेट वैभव पांडेय, गौरव पांडेय, विजय शंकर शुक्ला समेत विभागीय अधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।