UP के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान, सनातन संस्कृति पर सपा-कांग्रेस को भी बदलनी पड़ी सोच
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सनातन संस्कृति की मजबूती पर जोर देते हुए सपा और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के दीपम परंपरा पर फैसले का स्वागत किया और कहा कि सनातन संस्कृति अक्षुण्ण है, जबकि भाजपा के सीएम चेहरे पर केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय की बात कही।

HighLights
पाठक ने सपा-कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया।
सुप्रीम कोर्ट के दीपम परंपरा फैसले का अभिनंदन किया।
सनातन संस्कृति को अक्षुण्ण और मजबूत बताया।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सनातन संस्कृति को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल लगातार तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं, लेकिन सनातन संस्कृति मजबूत हो रही है। तमिलनाडु में दीपम जलाने की परंपरा को लेकर आए फैसले पर उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय का अभिनंदन किया।
कहा कि इससे दुनिया को संदेश मिला है कि सनातन संस्कृति अक्षुण्ण है और उसकी परंपराएं जारी रहेंगी। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे के सवाल पर पाठक ने कहा कि पार्टी केंद्रीय व्यवस्था से चलती है। केंद्रीय नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, सभी कार्यकर्ता उसके अनुसार काम करेंगे। दिल्ली में आरएसएस की प्रस्तावित बैठक को चुनाव की तैयारी से जोड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
जगह-जगह हो रही धार्मिक कथाओं पर उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति हजारों वर्षों से विद्यमान है। मुगलों और अंग्रेजों ने इसे छिन्न-भिन्न करने का असफल प्रयास किया, लेकिन यह और मजबूत हुई। वसुधैव कुटुंबकम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में पशु-पक्षियों और वनस्पतियों को भी परिवार का हिस्सा माना जाता है। कहा कि अब सपा और कांग्रेस जैसे दल भी रामलला के दर्शन करने की बात कह रहे हैं। भगवान सभी को सद्बुद्धि दें।