विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Uttar Pradesh इंटरनेशनल ट्रेड शो में उन्नाव के उत्पादों का जलवा, जॉर्जिया से मैंगो बटर और कुशली को मिले करोड़ों के ऑर्डर

Published: Sun, 27 Sep 2026 05:04 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उन्नाव के उत्पादों ने शानदार प्रदर्शन किया है। बक्सर की कुशली ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में लगे उप्र इंटरनेशन ट्रेड शो में जार्जिया देश के व्यापारियों से बात करते नटी विलेज के उद्यमी अमन कुमार। स्वयं

ग्रेटर नोएडा में लगे उप्र इंटरनेशन ट्रेड शो में जार्जिया देश के व्यापारियों से बात करते नटी विलेज के उद्यमी अमन कुमार। स्वयं

HighLights

  1. यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उन्नाव के उत्पादों ने धूम मचाई

  2. बक्सर की कुशली को सिंगापुर से 50 लाख का ऑर्डर मिला

  3. नटी विलेज के मैंगो बटर को जॉर्जिया से 60 लाख का ऑर्डर

जागरण संवाददाता, उन्नाव। उत्तर प्रदेश के ग्रेडर नोएडा में प्रदेश सरकार द्वारा लगवाए गए उप्र इंटरनेशन ट्रेड शो के चौथे संस्करण में जनपद के कई खाद्य उत्पाद अपना जलवा दिखा रहे हैं। एक ओर जहां 'वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन' (ओडीओसी) के तहत पारंपरिक व्यंजनों में बक्सर के सम्राट स्वीट के दुकानदार सुनील कुमार को अब तक 50 लाख का आर्डर मिल चुका है।

बकौल सुनील कुमार उन्हें इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में लगे ट्रेड फेयर में कुशली के विदेशी खरीदार मिले हैं। बताया कि जार्जिया आस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम को कुशली बहुत भा रही है। छह दिन के ट्रेड शो में अभी तीन दिन शेष हैं और 50 लाख का आर्डर सिंगापुर से मिला है।

वहीं नटी विलेज के अमन कुमार ने बताया कि उनको ट्रेड शो में 54 नंबर स्टाल एक्सपोर्ट डिवीजन में मिला है। जहां जार्जिया देश के व्यापारियों से 20 टन मैंगो बटर का आर्डर उन्हें मिल चुका है।

नटी विलेज के उद्यमी अमन कुमार बताया कि अब तक वैसे तो कई देशों के उद्यमी व व्यापारी मेरी स्टाल पर आ चुके हैं। कुछ ने उत्पाद की समुचित जानकारी के लिए स्टाल से पैंपलेट लिए हैं। बताया कि पीनट बटर में मूंगफली के अलावा हमने इस बार मलिहाबाद के आमों से मैंगो बटर तैयार करवाया है। जिसे जार्जिया के व्यापरियों ने बहुत पसंद किया है।

मैंगो बटर तीन हजार रुपये प्रति किलोग्राम

एक किलो मैंगो बटर लगभग तीन हजार रुपये किलो है। 20 टन के आर्डर से लगभग 60 लाख रुपये का भुगतान होगा। ट्रेड शो अभी तीन दिन और चलेगा। इसलिए दो करोड़ तक आर्डर मिलने की उम्मीद तो बनी ही हुई है। इस बार उप्र इंटरनेशन ट्रेड शो में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के साथ विशेष रूप से 'वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन' (ओडीओसी) के तहत पारंपरिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया जा रहा है। जहां 2,400 से अधिक प्रदर्शक और 85 से अधिक देशों के अंतरराष्ट्रीय खरीदार इसमें हिस्सा ले रहे हैं।

ट्रेड शो में आठ उद्यमी कर रहे सहभागिता

इस ट्रेड शो में जनपद से आठ उद्यमी अपनी सहभागिता दर्ज करा रहे हैं। जिसमें ओडीओपी के तहत चर्म उत्पाद के अलावा ओडीओसी में चयनित बक्सर की कुशली को भी स्थान दिया गया है। खाद्य उत्पादों में कुशली के अलावा पीनट व मैंगो बटर सहित अन्य उत्पाद लेकर नटी विलेज भी मौजूद है। वहीं माडर्न एग्जिम्स इंडिया प्रावइेट लिमिटेड से शुभम सिंह लेदर प्रोडक्ट, अब्दुल्ला टेनरी प्रावि लि से अल्तमस वारसी लेदर प्रोडक्ट में जूते, सुपर हाउस लिमिटेड से राजकुमार लेदर प्रोडक्ट में जूते, जयबुंको इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से मोहम्मद शोएब, लेदर प्रोडक्ट, ली क्राफ्ट इंडिया से मोहम्मद यूनुस जूते, जरी जरदोजी सीएफसी मियागंज से राशिद जारी जादोजी के उत्पाद लेकर मेले में सहभागिता कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Rain Alert: कानपुर में मौसम विभाग की चेतावनी, 24 घंटे में आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली गिरने व भारी बारिश की संभावना