यूपी के उन्नाव जिले में बीमार पति को छोड़ लाखों के जेवर लेकर दामाद के साथ महिला फरार
अजगैन क्षेत्र में एक महिला अपने बीमार पति को छोड़कर जमीन में गड़े पुश्तैनी जेवर लेकर अपने दामाद के साथ ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
महिला बीमार पति को छोड़ दामाद संग फरार हुई।
जमीन में गड़े पुश्तैनी सोने-चांदी के जेवर भी ले गई।
बेटे ने एसपी से मां के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। अजगैन क्षेत्र के एक गांव में पति की बीमारी का फायदा उठा महिला ने सास व अन्य के जमीन में गड़े जेवर निकाले और अपने एक रिश्तेदार के साथ चली गई। जानकारी पर बीमार पति व बेटा स्तब्ध रह गए। बेटे ने मां की करतूत की जानकारी एसपी को देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित बेटे ने एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि लगभग 15 वर्ष पहले उसकी बहन राजकुमारी की हत्या बहनोई ने कर दी थी। उसके बच्चों के भविष्य के लिए मां ने तब मुकदमा नहीं दर्ज कराया था। बेटे का आरोप है कि इसके बाद मां की नजदीकियां दिवंगत बहन के पति से बढ़ गईं। पिता के विरोध के बावजूद मां अपने दामाद से मिलती रही। इस बीच 14 सितंबर को मां ने 10 बिस्वा जमीन अपने नाती के नाम कर दी।
दो नवंबर को मां घर से निकल गई। घर की कोठरी में जमीन के नीचे गड़े लगभग दो किग्रा चांदी और 80 ग्राम सोने के पुश्तैनी जेवर भी वह खोदकर निकाल ले गई। पीड़ित ने एसपी को बताया कि उसने अजगैन थाना में शिकायत की पर कार्रवाई नहीं हुई। एसपी जयप्रकाश सिंह ने जांच कर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया है।