भाई दूज की खुशियां मातम में बदलीं, उन्नाव में बाइक के पहिये में साड़ी का पल्लू फंसने से महिला की मौत
उन्नाव में भाई दूज पर मायके जा रही 52 वर्षीय महिला की बाइक के पहिए में साड़ी का पल्लू फंसने से मौत हो गई।

दिवगंत रानी, फाइल फोटो
HighLights
भाई दूज पर बाइक दुर्घटना में महिला की दुखद मृत्यु।
चलती बाइक के पहिए में साड़ी फंसने से गला कसा।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से स्पष्ट इनकार किया।
संवाद सहयोगी, उन्नाव। भाई दूज पर पति के साथ मायके जा रही 52 वर्षीय महिला की साड़ी का पल्लू पीछे के पहिए में फंस गया। सड़क पर गिरने व गर्दन कसने से महिला की मौत हो गई। पत्नी की सांसें थमी देख पति बदहवास हो गया। शव लेकर घर पहुंचे पति की हालत देख स्वजन कांप गए। स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
पुरवा क्षेत्र के गांव बाजारखेड़ा मजरे मिर्रीकला निवासी महावीर बुधवार को अपनी पत्नी रानी को भाई दूज पर रोचना कराने बाइक से ससुराल सोहरामऊ के निबहरी गांव लेकर जा रहे थे। भल्लाफार्म-कालूखेड़ा मार्ग पर लालाखेड़ा चौराहे के पास चलती बाइक में रानी की साड़ी का पल्लो पीछे के पहिए में फंस गया। जिससे उसका गला दब गया और वह सड़क पर गिर गई।
महावीर उसे लेकर सीएचसी असोहा पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। महावीर ने बताया कि गला कसने के साथ ही सिर की गंभीर चोट पत्नी रानी की मौत का कारण बनी। शव लेकर महावीर ससुराल न जाकर घर पहुंचे तो चीत्कार मच गई।
बेटे सुनील, सोनू, बेटी सोनल, राधा, संध्या का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ फूल सिंह ने बताया कि स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है। यदि तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरे दिन भी नहीं हो सकी शव की पहचान
बेहटा मुजावर क्षेत्र में मंगलवार देर शाम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर अवस्थी खेड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे लगभग 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। दूसरे दिन भी शव की पहचान नहीं हो सकी। बेहटा मुजावर थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि दिवंगत की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।