उन्नाव में डिप्टी सीएम के काफिले के सामने लेटी दिवंगत दुष्कर्म पीड़िता की मां, महिला को दिया कार्रवाई का भरोसा
उन्नाव में दुष्कर्म पीड़िता की मां ने सुनवाई न होने पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के काफिले के सामने लेटकर विरोध जताया। डिप्टी सीएम ने महिला को लखनऊ बुलाकर समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया, जबकि मां ने आरोपितों की अवैध जमीन पर कार्रवाई न होने और वादे पूरे न होने का आरोप लगाया।
-1795975185879_m.webp)
HighLights
पीड़िता की मां ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सामने विरोध किया।
डिप्टी सीएम ने महिला को लखनऊ बुलाकर मदद का भरोसा दिया।
मां ने आरोपितों की अवैध जमीन पर कार्रवाई न होने का आरोप।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। सदर क्षेत्र के एक मुहल्ले की 16 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव दफनाने के मामले में रविवार को पीड़ित मां का आक्रोश फूट पड़ा। सुनवाई न होने से आहत महिला साकेत धाम पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के काफिले के सामने लेट गई। उप मुख्यमंत्री ने महिला को उठाया और उसका मोबाइल नंबर लेकर लखनऊ बुलाने व समस्या के निस्तारण का भरोसा दिया।
पीड़ित मां का आरोप है कि बेटी की हत्या के आरोपितों के आश्रम की 12 बिस्वा जमीन पर अवैध कब्जा है, लेकिन प्रशासन ने अब तक बुलडोजर चलाकर जमीन खाली नहीं कराई। बेटी की हत्या के बाद प्रशासन ने 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और आवास समेत अन्य मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था। महिला ने आरोप लगाया कि अब तक उसकी कोई भी मांग पूरी नहीं हुई है। इसके अलावा उसकी सुरक्षा में दिन में चार और रात में तीन पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, जो उसे कहीं आने-जाने नहीं देते। स्थानीय प्रशासन और पुलिस उसकी पीड़ा पर ध्यान नहीं दे रही है।
मामला बहुत पुरना है। आवास के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अवैध कब्जे के संबंध में राजस्व विभाग से जांच कर रिपोर्ट मांगी है। अवैध हुआ तो कड़ी कार्रवाई कराऊंगा। आर्थिक सहायता मिली है या नहीं इस संबंध में प्रोबेशन अधिकारी से आख्या मांगी है।
घनश्याम मीना, डीएमवर्ष 2021 का मामला है। पीड़िता की मांग पर ही उसे घटना के बाद से सुरक्षा प्राप्त है। उसे कहीं भी आने जाने से नहीं रोका जाता है।
विनी सिंह, सीओ सिटी
यह था मामला
वर्ष 2021 में किशोरी की हत्या कर शव को सपा के पूर्व राज्यमंत्री दिवंगत फतेहबहादुर सिंह के कब्बाखेड़ा स्थित दिव्यानंद आश्रम के पास प्लाट में दफना दिया गया था। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने दिवंगत किशोरी की मां की तहरीर पर दिवंगत पूर्व राज्यमंत्री के बेटे रजोल सिंह समेत अन्य को जेल भेजा था। अब सभी जमानत पर हैं।