उन्नाव में सई नदी पर बनेगा नया पुल, 15 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
उन्नाव के मोहान विधानसभा क्षेत्र में सई नदी पर 56 साल पुराने जर्जर पुल की जगह नया सेतु बनाया जाएगा, जिससे लगभग 10 लाख लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सई नदी पर 56 साल पुराने पुल की जगह नया सेतु।
15.146 करोड़ रुपये की लागत से होगा पुल का निर्माण।
लगभग 10 लाख लोगों को आवागमन में मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। मोहान विधानसभा के अंतर्गत औरास कस्बे समेत तीन दर्जन गांवों और छह जनपदों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने जा रही है। सई नदी पर बने 56 वर्ष पुराने जर्जर पुल की जगह नया सेतु बनाया जाएगा। इससे लगभग 10 लाख आबादी को लाभ होगा। नया पुल मौजूदा पुल से 50 से 200 मीटर दूर बनेगा। दैनिक जागरण जून 2018 से इस जनसमस्या को समय-समय पर प्रकाशित करता रहा है।
उन्नाव जिले के संडीला–चकलवंशी–चौबेपुर मार्ग (एसएच-166) पर किलोमीटर 18 में सई नदी पर नए सेतु के निर्माण को शासन ने प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दे दी है। परियोजना की कुल लागत 15.146 करोड़ रुपये है। फिलहाल इसके लिए 7.573 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
जर्जर हो चुका है पुराना पुल
नए पुल से क्षेत्रवासियों का आवागमन सुगम होगा और व्यापार, संपर्क तथा विकास की संभावनाओं को गति मिलेगी। संडीला-चकलवंशी मार्ग पर औरास के पास बना पुराना पुल जर्जर हो चुका है। लोक निर्माण विभाग कई बार इसकी मरम्मत कर चुका है। पुल की मरम्मत और नए पुल के निर्माण की मांग भी कई बार उठाई गई थी।
लखनऊ-हरदोई और गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के साथ औरास, संडीला और सीतापुर में मौरंग मंडी होने के कारण बड़ी संख्या में ट्रक और डंपर इस पुल से गुजरते हैं। इनमें ओवरलोड वाहन भी शामिल हैं। भारी वाहनों की आवाजाही ने पुल की हालत और खराब कर दी है।
पुराने की पुल की स्थिति
पुल के कस्बे वाले हिस्से में नीचे की सपोर्ट दीवार दोनों तरफ टूट गई है। ऊपर दोनों ओर तीन से चार मीटर का हिस्सा क्षतिग्रस्त है और स्लैब में जगह-जगह दरारें हैं। कई स्थानों पर रेलिंग भी टूट चुकी है। इससे वाहन चालकों, राहगीरों और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।