मीरजापुर में गेहूं, दलहन और तिलहन के उन्नत बीज का वितरण शुरू, ऑनलाइन बुकिंग के बाद मिलेगा फ्री मिनी किट
मीरजापुर में रबी सीजन के लिए गेहूं, दलहन और तिलहन के प्रमाणित बीज का वितरण शुरू हो गया है। किसान ऑनलाइन पंजीयन कर उन्नत बीज और निःशुल्क मिनी किट प्राप्त कर सकते हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रबी सीजन के लिए प्रमाणित बीज वितरण मीरजापुर में शुरू।
गेहूं, दलहन, तिलहन के उन्नत बीज ऑनलाइन बुकिंग से उपलब्ध।
किसानों को निःशुल्क बीज मिनी किट भी वितरित की जा रही।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। रबी सीजन में प्रमाणित बीज की पैदावार से जनपद के खेत लहलहाएंगे। गेहूं, दलहन के साथ तिलहन की प्रमुख फसलों के लिए कृषि विभाग की ओर से प्रमाणित बीज का वितरण किया जा रहा है। ऑनलाइन पंजीयन कराने वाले किसानों को ही उन्नत बीज मिलेगा।
कृषि विभाग की ओर से विशेष जोर गेहूं पर दिया जा रहा है। इसके लिए 13929 क्विंटल प्रमाणित बीज के वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके सापेक्ष 12437 क्विंटल बीज उपलब्ध है।
साथ ही सरसों, मसूर, मटर, चना, जौ व तोरिया के बीज भी किसानों को दिए जाएंगे। कृषि विभाग का ध्यान सिर्फ बीज वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मिनीकिट और प्रदर्शन के माध्यम से किसानों को उन्नत किस्मों से जोड़ने की भी योजना है।
इस वर्ष सामान्य वर्ग में 12473 क्विंटल बीज, निश्शुल्क तिलहन बीज मिनी किट 71.2 क्विंटल व निश्शुल्क दलहन बीज मिनी किट 384 क्विंटल उपलब्ध कराया गया है। उक्त बातें जिला कृषि अधिकारी डा. अवधेश कुमार यादव ने शुक्रवार को एक छोटी सी मुलाकात के दौरान कहा।
रबी 2026-27 में सामान्य वर्ग में गेहूं का कितना लक्ष्य है?
रबी 2026-27 में योजनाओं के तहत फसलवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सामान्य वर्ग में 12264 क्विंटल गेहूं के बीज के वितरण का लक्ष्य है। वर्तमान में 10747 क्विंटल गेहूं का बीज उपलब्ध है।
चना, मटर, मसूर के लिए भी किसानों को बीज मिलेगा?
सामान्य वर्ग में गेहूं के बाद चना, मटर, मसूर के बीज का प्रावधान किया गया है। सामान्य वर्ग में चना 680.8 क्विंटल, मटर 187.4 क्विंटल, मसूर 410.68 क्विंटल, तोरिया पांच क्विंटल, राई व सरसों 55.4 क्विंटल बीज वितरण के लिए उपलब्ध है।
किसानों को निश्शुल्क तिलहन बीज मिनी किट भी उपलब्ध कराया जाएगा?
किसानों को सरकार की ओर से तोरिया, राई सरसों व अलसी के बीज का मिनी किट भी वितरित किया जाएगा। इसके लिए शासन से 12 क्विंटल तोरिया, 49.2 क्विंटल राई व सरसो तथा 10 क्विंटल अलसी के बीज का मिनी किट उपलब्ध है।
किसानों को निश्शुल्क दलहन बीज मिलेगा?
किसानों को खेती के लिए निश्शुल्क दलहन बीज का मिनी किट भी वितरित किया जाएगा। इसके लिए 205.6 क्विंटल चना, 50 क्विंटल मटर तथा 128.4 क्विंटल मसूर के बीज का मिनीकिट वितरण के लिए प्राप्त हुआ है।
उन्नत बीज के लिए कैसे बुकिंग करें?
किसानों को उन्नत बीज के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.एग्रीकल्चर.यूपी.इन ऑनलाइन बुकिंग करना होगा। फिर किसान पोर्टल पर बीज मिनी किट या सामान्य बीज या संकर बीज का चयन करें। इसके बाद बुकिंग प्रारंभ का चयन करके सीड बुकिंग करें। फिर बीज के प्रकार के बाद मौसम का चयन करके प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।