उन्नाव के आशाखेड़ा में कानपुर-लखनऊ हाईवे पर पैदल पुल और सर्विस रोड का काम शुरू, हटाए जाएंगे 118 पेड़
उन्नाव के आशाखेड़ा में कानपुर-लखनऊ हाईवे पर पैदल पुल और सर्विस लेन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस परियोजना से जाम और हादसों में कमी आएगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
आशाखेड़ा में पैदल पुल और सर्विस लेन का काम शुरू।
निर्माण के लिए 118 पेड़ों को हटाया जा रहा है।
जाम और ब्लैक स्पॉट खत्म होंगे, 6 लाख को लाभ।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। जाम, खराब सड़क और हादसों के ब्लैक स्पॉट के लिए चर्चा में रहने वाले कानपुर-लखनऊ हाईवे पर आशाखेड़ा में 300 मीटर लंबे पैदल पुल और दोनों ओर एक-एक किमी की सर्विस लेन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
निर्माण क्षेत्र में आ रहे 118 पेड़ों को वन विभाग ने हटाना शुरू कर दिया है। वन दरोगा जितेंद्र पांडेय ने बताया कि कानपुर से लखनऊ की ओर 84 और लखनऊ से कानपुर की ओर 34 पेड़ पुल और सर्विस लेन की जद में हैं। एनएचएआई और वन विभाग के बीच जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कटाई शुरू हुई।
हाईवे पर आशाखेड़ा, नवाबगंज, दही तिराहा, चमरौली और त्रिभुवनखेड़ा में पुल बनाने की योजना है। फरवरी 2026 में पांच पुलों की डीपीआर भेजी गई थी। मार्च में मंजूरी के बाद अंतिम निविदा प्रक्रिया पूरी कर काम जीएस एक्सप्रेस को सौंपा गया। वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं मिलने और बिजली विभाग की ओर से लाइनों का स्थानांतरण न होने से निर्माण शुरू नहीं हो पाया था।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की लखनऊ इकाई के तहत बनने वाले पुलों पर पहले 1.30 अरब रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई थी। निर्माण एजेंसी के मैनेजर आरके सिंह ने बताया कि वन विभाग का काम पूरा होते ही निर्माण शुरू होगा और इसे वर्ष 2027 से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
पुल और सर्विस रोड से आशाखेड़ा में जाम घटेगा और दो किमी का ब्लैक स्पाट खत्म होगा। इससे आसपास के 100 गांवों के छह लाख लोगों को लाभ मिलेगा।
यहां भी बनेंगे पुल
कानपुर-लखनऊ हाईवे पर पांच पुलों की कुल लागत 1.40 अरब रुपये है। आशाखेड़ा में काम शुरू हो चुका है। एनएचएआई लखनऊ क्षेत्र के परियोजना अधिकारी नवरतन के अनुसार, दही तिराहा पर लगभग आधा किमी लंबे पुल पर 45 करोड़ रुपये, नवाबगंज में 800 मीटर के पुल पर 60 करोड़ रुपये और आशाखेड़ा में पुल व सर्विस रोड पर 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। चमरौली और त्रिभुवनखेड़ा में लगभग 400 मीटर लंबे दो फुट ओवरब्रिज 15 करोड़ रुपये से बनाए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।