विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मिनी ट्रक पलटने से दो बसों में टक्कर, एक यात्री की मौत; 6 लोग घायल

Published: Fri, 24 Apr 2026 03:31 PM (IST)

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक मिनी ट्रक के पलटने के बाद दो स्लीपर बसों की टक्कर हो गई, जिसमें एक यात्री की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए।

सड़क हादसे में एक यात्री की मौत हो गई। (तस्वीर- फाइल)

सड़क हादसे में एक यात्री की मौत हो गई। (तस्वीर- फाइल)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर देवर खेड़ा गांव के पास कूलर लादे मिनी ट्रक चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पलट गया।

मिनी ट्रक पलटा देख लखनऊ की ओर से आ रहे स्लीपर बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। तभी पीछे से आ रही दूसरी बस पहली बस में टकरा गई। घटना में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि दोनों बस चालक समेत छह व्यक्ति घायल हो गए। जिनमें चार को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे के बाद लगभग आधा घंटे तक लखनऊ से आगरा वाली लेन की ओवरटेकिंग और कार लेन बंद रही। पुलिस ने स्वजन को सूचना देते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कन्नौज जिला के सौरिख क्षेत्र के ककरिया नादेमऊ निवासी मिनी ट्रक चालक अवधेश कुमार मिनी ट्रक में दिल्ली से कूलर लादकर बस्ती जिला जा रहा था। शुक्रवार रात एक बजे बांगरमऊ क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चालक अवधेश को झपकी आने से मिनी ट्रक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पार करते हुए लखनऊ से आगरा जाने वाली लेन में पलट गया।

लखनऊ से दिल्ली जा रही स्लीपर बस चालक राजस्थान के झुंझनू निवासी चालक सुरेश चंद्र ने मिनी ट्रक को पलटते देखा तो अचानक ब्रेक लगाकर बस रोक दी। इसी दौरान लखनऊ की ओर से बीकानेर निवासी बस चालक रामसुंदर की बस लगभग 120 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से 40 सवारियों को लेकर आ रही थी।

जब तक वह बस नियंत्रित करता तब तक स्लीपर बस खड़ी बस में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पहली बस भी मिनी ट्रक से टकरा गई। घटना में दूसरी बस में सवार लखनऊ के गोमती नगर निवासी 35 वर्षीय राकेश सिंह की मौत हो गई यह मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले थे।

काफी समय में लखनऊ में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। वहीं पहली बस चालक सुरेश चंद्र और दूसरी बस चालक रामसुंदर समेत दिल्ली के बदरपुर निवासी रवि कुमार, आजमगढ़ के रोशनपुर निवासी सुनील, देवरिया जिले के पड़री निवासी मोइनुद्दीन और कुशीनगर जिले के परोरहा क्षेत्र के उस्मान गांव निवासी नागेंद्र सिंह घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर पहुंची यूपीडा टीम ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया और हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त बस और मिनी ट्रक को हटवाकर रेस्ट एरिया में खड़ा कराया। कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया मिनी ट्रक दूसरी लेन में पलटा था। घटना मे एक यात्री की मौत हुई है और चार घायल हुए हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: जंगल की आग बुझाते वक्त खाई में गिरा वन कर्मचारी, मौत

आधा घंटा बाधित रहा यातायात

हादसे के बाद लखनऊ से आगरा जाने वाली लेन की ओवरटेकिंग और कार लेन लगभग आधा घंटे तक बंद रही। लखनऊ की ओर से आ रहे वाहन भारी वाहन और पार्किंग लेन से निकलते रहे।

यूपीडा टीम ने प्लास्टिक कोन बैरियर और फ्लड लाइट जलाकर दोनों बस और मिनी ट्रक को हाइड्रा से रेस्क्यू कर रेस्ट एरिया में खड़ा कराया है। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।