विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव में विसर्जन यात्रा में भीषण हादसा: अचानक उठी हाईड्रोलिक ट्रॉली तो गिरने लगे लोग, दबने से बच्ची की मौत

Published: Tue, 20 Oct 2026 10:32 PM (IST)

उन्नाव के मौरावां में देवी मूर्ति विसर्जन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रेशर खुलने से बड़ा हादसा हो गया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. उन्नाव में देवी मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान बड़ा हादसा।

  2. ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रेशर खुलने से कई श्रद्धालु सड़क पर गिरे।

  3. हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची आरोही की मौत हुई।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। मौरावां में देवी मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली का प्रेशर खुलने से बड़ा हादसा हो गया। ट्राली के ऊपर उठते ही उसमें सवार करीब 20 महिला-पुरुष सड़क पर गिर पड़े।

इस दौरान एक के ऊपर एक गिरने से नीचे दबकर चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को असोहा सीएचसी और सौ बेड अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में दो महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के बाद स्वजन में कोहराम मच गया।

यह है पूरी घटना

क्षेत्र के श्यामपुर मजरे देवमई गांव में 11 अक्टूबर को पहली बार दुर्गा मूर्ति स्थापित की गई थी। नवरात्र में पूजन-अर्चन के बाद मंगलवार शाम श्रद्धालु मूर्ति विसर्जन के लिए भवरेश्वर मंदिर स्थित सई नदी जा रहे थे। मूर्ति को लोडर पर रखा गया था, जबकि गांव की कई महिलाएं पड़ोसी गांव रामपुर निवासी राजकुमार की ट्रैक्टर-ट्राली में सवार थीं।

मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर असोहा थाना क्षेत्र के सरवन मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली का प्रेशर खुल गया। इससे ट्राली ऊपर उठ गई और उसमें सवार महिलाएं सड़क पर गिर पड़ीं। चीख-पुकार के बीच श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिरकर घायल हो गईं। चार वर्षीय आरोही की मौत हो गई।

आंचल, मनीषा, शोभा देवी, बिंदेश्वरी, सुमित्रा, सुनीता, सोमा, ममता, रामरानी, धर्मावती, शांति देवी, मीरा और सुमाना को सौ बेड अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से मनीषा और शोभा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दिवंगत आरोही बीघापुर थाना क्षेत्र के मल्लपुर गांव निवासी जय कुमार की बेटी थी। वह 16 अक्टूबर को अपनी बुआ बिंदेश्वरी के घर श्यामपुर आई थी। मंगलवार को वह बुआ के साथ ही मूर्ति विसर्जन यात्रा में जा रही थी। इसी दौरान हादसे में उसकी जान चली गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही स्वजन बदहवास हो गए। घर में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ें- गोंडा में विसर्जन के दौरान घाघरा नदी में बड़ा हादसा, एक श्रद्धालु की मौत; लापता लोगों की तलाश जारी

यह भी पढ़ें- 'बिहार में जान की कीमत 4 लाख क्‍यों?', राघोपुर नाव हादसा पीड़‍ितों से म‍िलकर प्रशांत किशोर ने उठाए सवाल