गोंडा में विसर्जन के दौरान घाघरा नदी में बड़ा हादसा, एक श्रद्धालु की मौत; लापता लोगों की तलाश जारी
गोंडा में प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लापता ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड तस्वीर
HighLights
गोंडा में प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक श्रद्धालु की मौत।
घाघरा नदी में कुल तीन श्रद्धालु अभी भी लापता हैं।
दो श्रद्धालुओं को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जागरण संवाददाता, गोंडा। मंगवार की शाम प्रतिमा विसर्जन के दौरान के लक्ष्मनपुर घाघरा नदी में 5 लोग डूब गए। इसमें एक श्रद्धालु का शव बरामद कर लिया गया है जबकि दो श्रद्धालु लापता है। वही 2 श्रद्धालुओं को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। गोताखोरों की मदद से लापता श्रद्धालुओं की तलाश की जा रही है।
तरबगंज के भैरमपुर गांव के रहने वाले सुमित प्रजापति, अभिषेक तिवारी, रामविलास प्रजापति, रघुवर व प्रदीप गांव में स्थापित दुर्गा प्रतिमा को लेकर विसर्जन के लिए लक्ष्मनपुर के घाघरा नदी गए थे। इनके साथ गांव के अन्य लोग भी थे। विसर्जन के दौरान पांचों लोग नदी में डूबने लगे। लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। रघुवर व प्रदीप को बाहर निकाल लिया गया।
अभिषेक व रामविलास लापता है। जबकि सुमित का शव बरामद कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने बताया कि दो को अस्पताल भेजा गया है। उनकी हालत नाजुक है। एक शव बरामद कर लिया गया है। दोनों लापता श्रद्धालुओं की खोज गोताखोर कर रहे हैं। वही गांव में घटना के बाद लोग स्तब्ध है। परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है। वहीं धानेपुर के भैंसहवा घाट पर मूर्ति विसर्जन के दौरान ग्राम पंचायत बिहुरी के मजरा शिवबक्श पुरवा के रहने वाले तुलाराम शुक्ल डूब गए है। इनकी तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि विसर्जन के दौरान गांव के पांच लोग गहरे पानी में चले गए थे। उन्हें बचाने के दौरान तुलाराम डूब गए। थानाध्यक्ष विपुल पांडेय ने बताया कि तुलाराम की तलाश की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार रजक ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं के डूबने की जानकारी मिली है। गोताखोर की मदद से डूबे लोगों की तलाश की जा रही है।
