उन्नाव के बीघापुर सौ बेड अस्पताल में जल्द शुरू होगी डायलिसिस सेवा, सीएमओ ने किया निरीक्षण
सीएमओ डॉ. एके शर्मा ने बीघापुर सौ बेड अस्पताल का निरीक्षण कर डायलिसिस यूनिट स्थापित करने पर चर्चा की, जिसे जल्द ही मरीजों के लिए शुरू किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, बीघापुर। सीएमओ डॉ. एके शर्मा ने गुरुवार को अचलगंज सीएचसी और बीघापुर सौ बेड अस्पताल का निरीक्षण किया। अचलगंज सीएचसी में साफ सफाई व्यवस्था को ठीक करने का निर्देश प्रभारी चिकित्साधिकारी को दिया।
इसके बाद बीघापुर सौ बेड अस्पताल का निरीक्षण किया। सीएमओ ने बीघापुर अस्पताल में डायलिसिस यूनिट स्थापित कराने के लिए कक्ष के साथ ही सीएमएस से संचालन की व्यवस्थाओं के संबंध में विचार विमर्श किया।
सीएमओ ने बताया कि बीघापुर सौ बेड अस्पताल में शीघ्र मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। शासन ने डायलिसिस यूनिट स्थापित करने की मंजूरी दी है। डायलिसिस की मशीनें भी आ चुकी हैं।
सीएमओ डॉ. शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर सीएमएस डॉ. प्रमोद दोहरे के साथ बैठक कर डायलिसिस सेवा प्रारंभ करने में क्या क्या दिक्कतें हैं और कितने स्टाफ की जरूरत है इस पर विचार विमर्श कर मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए।
एसीएमओ नरेंद्र सिंह भी साथ रहे। सीएमओ ने एसीएमओ और सीएमएस के साथ डायलिसिस मशीन लगवाने व रोगियों को भर्ती करने के वार्ड का निरीक्षण किया। सीएमओ ने बताया कि डायलिसिस मशीन की स्थापना के लिए वार्ड तय कर दिया है। आरओ प्लांट लगाया जा चुका है। स्टाफ और डॉक्टर मिलते ही यह सेवा शुरू करा दी जाएगी।
डॉक्टर और स्टाफ के लिए मांगा पत्र
सीएमएस डॉ. दोहरे ने बताया कि डायलिसिस यूनिट संचालन के लिए नेफ्रोलाजिस्ट व फिजीशियन तथा पैरा मेडिकल स्टाफ की आवश्यकता होगी। जिस पर सीएमओ ने सीएमएस से मांग पत्र भेजने को कहा। यह सुविधा जल्द से जल्द मिलने लगेगी।
रोगी ने की अचलगंज में रात को डॉक्टर न रहने की शिकायत
सीएमओ डॉ. एक शर्मा से एक मरीज ने रात में डॉक्टर न रुकने की शिकायत की। जिस पर सीएमओ ने रात ड्यूटी पर रहे स्टाफ से जानकारी ली। वार्ड ब्वाय ने बताया कि डॉक्टर बाथरूम में थे इस बीच रोगी आकर लौट गया। सीएमओ ने कड़ी चेतावनी देते हुए रोगियों को सही जानकारी देने को कहा।
