उन्नाव में दर्दनाक हादसा, तालाब में नहाते समय दो बच्चों की डूबने से मौत
उन्नाव के औरास क्षेत्र के मवई गांव में रविवार शाम तालाब में नहाते समय दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। पांच वर्षीय आयुष और सात वर्षीय कार्तिक गहरे पानी में चले गए, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।

HighLights
मवई गांव में तालाब में नहाते समय दो बच्चों की मौत।
पांच वर्षीय आयुष और सात वर्षीय कार्तिक डूबने से मृत।
गहरे पानी में जाने के कारण हुआ यह दर्दनाक हादसा।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। औरास क्षेत्र के मवई गांव में रविवार शाम लगभग चार बजे तालाब में नहाते समय गहराई में जाने से मामा के घर आए पांच वर्षीय बच्चे व उसके सात वर्षीय ममेरे भाई की डूबने से मौत हो गई। शव बाहर निकाले जाने पर चीख पुकार मच गई।
हरदोई के थाना बालामऊ के खजौना गांव निवासी अर्जुन का पांच वर्षीय बेटा आयुष औरास क्षेत्र के मवई गांव निवासी अपने नाना नन्हक्के कश्यप के घर आया था। रविवार शाम लगभग चार बजे आयुष अपने मामा राजेश के बेटे सात वर्षीय कार्तिक के साथ पूर्व माध्यमिक विद्यालय मवई के सामने ग्राम समाज की खाली पड़ी जमीन पर खेल रहे थे।
वहीं बगल में गांव के तालाब में दोनों नहाने चले गए। नहाते समय गहराई में जाने से दोनों डूब गए। ग्रामीणों ने डूब रहे बच्चों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर सीएचसी औरास पहुंचाया। जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है। बच्चों की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी संजीव कुशवाहा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं।