घर में मेहंदी की रस्म में गूंज रहे थे मंगलगीत, अचानक सांप देख महिलाओं में मच गया हड़कंप; पकड़कर फेंकने पर युवक को डंसा
नवाबगंज के अजगैन में एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान सांप को पकड़ने के प्रयास में 25 वर्षीय युवक अर्जुन को सांप ने डंस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दुखद घटना से खुशियों भरा कार्यक्रम मातम में बदल गया और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

HighLights
अजगैन में मांगलिक कार्यक्रम के दौरान सांप निकलने से हड़कंप।
युवक अर्जुन ने सांप को पकड़कर फेंकने का प्रयास किया।
सांप के डंसने से 25 वर्षीय युवक की दुखद मौत।
संवाद सूत्र, नवाबगंज (उन्नाव)। कस्बा अजगैन में एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान निकले सांप को पकड़कर फेंकने की गलती युवक को भारी पड़ गई। सांप के काटने से युवक की मौत हो गई। मांगलिक कार्यक्रम में शोक की लहर दौड़ गई।
अजगैन कस्बा निवासी देवराज के पौत्र का बुधवार को हल्दी मेंहदी कार्यक्रम था। लोग खाने पीने व अन्य काम निपटाने में व्यस्त थे।इसी दौरान एक काला सांप निकल आया। महिलाओं के शोर मचाने पर वहां माैजूद पड़ोसी 25 वर्षीय अर्जुन पुत्र रामू कश्यप ने सांप को पकड़कर दूर फेंकने का प्रयास किया।
इसी दौरान सांप ने उसे डंस लिया। अर्जुन की हालत बिगड़ने पर स्वजन लखनऊ ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अर्जुन की मौत से तीन भाई और तीन बहन के अलावा मां गीता समेत अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। अपराध निरीक्षक जय प्रकाश ने बताया कि मौत लखनऊ में हुई है। वहीं पोस्टमार्टम हो रहा है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
आर्टिफिशियल आभूषण लेकर पहुंचा दूल्हा पक्ष, विवाद पर लौटी बरात
सोना और चांदी की बढ़ी दरें अब रिश्तों की राह में भी रोड़े अटकाने लगी हैं। गुरुवार को भांवर के समय सोने की जगह आर्टिफिशियल आभूषण देखकर कन्या पक्ष के भड़कने पर विवाद हो गया। इस पर वर पक्ष बिना दुल्हन बरात लेकर लौट गया। कन्या पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव एतबारपुर निवासी किसान की बेटी की शादी नवाबगंज स्थित गेस्टहाउस में हो रही थी। बुधवार को रात करीब आठ बजे बरात गेस्ट हाउस पहुंची। स्वागत के बाद जयमाल संपन्न हुआ। गुरुवार सुबह जब भांवर की तैयारी शुरू हुई तो कन्या पक्ष के कहने पर वर पक्ष की ओर से ज्वेलरी को सामने रखा गया। कन्या पक्ष ने यूपी-112 नंबर पर इसकी जानकारी दी।
पुलिस जब तक पहुंचती, दूल्हा रिश्तेदारों के साथ गेस्ट हाउस से निकल गया। कन्या पक्ष ने कई बार फोन मिलाया पर वर पक्ष की ओर से किसी ने फोन नहीं उठाया। बगैर दुल्हन के बरात लौटने से कन्या पक्ष नुकसान से बेहद आहत हुआ। पिता ने बताया कि शादी तय होने पर दूल्हे के पिता ने 300 बराती लाने के लिए कहा था। उसी हिसाब से इंतजाम कराया था पर केवल 25 बराती ही आए।
चौकी प्रभारी मुकुल दुबे ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। दूल्हे पक्ष को बुलवाया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।