Jagran Vimarsh: सांसद साक्षी महाराज ने कहा, उपेक्षा से विकास की धुरी बना उन्नाव, बदल रही जिले की तस्वीर
सांसद साक्षी महाराज ने जागरण विमर्श में उन्नाव के विकास और 24 घंटे बिजली आपूर्ति की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री ...और पढ़ें

जागरण विमर्श के दौरान अपनी राय रखते सांसद साक्षी महाराज। जागरण
HighLights
साक्षी महाराज ने जागरण विमर्श में उन्नाव के विकास की सराहना की
उन्नाव में 24 घंटे बिजली आपूर्ति, पहले सैफई जाती थी
मोदी-योगी सरकार के प्रयासों से उन्नाव विकास पथ पर अग्रसर
जागरण संवाददाता, उन्नाव। एक समय कानपुर और लखनऊ जैसे महानगरों के बीच होने के बावजूद उन्नाव विकास की दौड़ में पीछे छूट जाता था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव को उपेक्षा से बाहर निकालकर विकास की मुख्यधारा में लाने का भरोसा दिया था। आज जिले में हुए बदलाव उसी संकल्प का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य में उन्नाव की महत्वपूर्ण भूमिका है। यह बातें दैनिक जागरण के जागरण विमर्श कार्यक्रम में सांसद डा. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज कही।
शुक्रवार को उन्नाव के अरोड़ा रिसार्ट लान में आयोजित दैनिक जागरण के जागरण विमर्श कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे सांसद ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास के संकल्प से जिले की तस्वीर बदल रही है।
सांसद ने कहा कि कानपुर और लखनऊ जैसे दो बड़े महानगरों के बीच स्थित उन्नाव अब विकास की नई पहचान बना रहा है। कभी बिजली संकट और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझने वाले जिले में बीते वर्षों में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए सांसद डा. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज ने कहा कि उन्नाव को अब उपेक्षित जिला नहीं कहा जा सकता।
कहा कि वर्ष 2014 में जब वह उन्नाव आए थे, तब बिजली की स्थिति खराब थी। कई बार बिजली के साथ जनरेटर भी जवाब दे जाता था। उस समय उन्होंने जनता से 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का वादा किया था। आज परिस्थितियों में आए बदलाव को विकास की यात्रा के रूप में देखा जा सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपने पुराने संवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि एक बार उन्होंने मंच से सवाल उठाया था कि कानपुर और लखनऊ के बीच होने के बावजूद उन्नाव विकास के मामले में पीछे क्यों है? यदि कोई योजना आती है तो उसका लाभ दोनों महानगरों को मिलता है, उन्नाव कब आगे बढ़ेगा?
साक्षी महाराज के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया था कि अब उन्नाव उपेक्षित नहीं रहेगा और विकास की योजनाओं में जिले को प्राथमिकता मिलेगी।
विकसित भारत के लक्ष्य में उन्नाव की अहम भूमिका
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इसी लक्ष्य के अनुरूप विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित उन्नाव की परिकल्पना को आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि विकास के दावों का आकलन जमीनी बदलावों से होना चाहिए। उन्नाव में हुए विकास कार्यों को देखकर जिले की प्रगति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
साक्षी महाराज ने चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के उद्घाटन से जुड़ा प्रसंग साझा करते हुए उन्नाव के विकास और जिले की पहचान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से विकास की गति को आगे बढ़ाया जा सकता है।
सच्चाई सामने रखना पत्रकारिता का धर्म
दैनिक जागरण परिवार की प्रशंसा करते हुए सांसद ने कहा कि समाचार पत्रों का महत्व आज भी कायम है। टेलीविजन और इंटरनेट मीडिया के विस्तार के बावजूद लोग सुबह अखबार पढ़कर दिन की शुरुआत करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता में निष्पक्षता और सच्चाई को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए दैनिक जागरण से जुड़े अपने पुराने अनुभव भी साझा किए।
साक्षी महाराज ने कहा कि विकास के मुद्दों पर सरकार की आलोचना हो सकती है, लेकिन तथ्यों और सच्चाई को नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने उन्नाव के विकास को आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों और जनता के सहयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए अपने संबोधन का समापन किया।
अटल जी के सामने दैनिक जागरण के पूर्व प्रधान संपादक ने उठाई थी उनके पक्ष में बात
दैनिक जागरण के जागरण विमर्श कार्यक्रम में सांसद डा. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और दैनिक जागरण के पूर्व प्रधान संपादक स्वर्गीय नरेन्द्र मोहन की स्मृतियों से जुड़ा एक पुराना प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि संसद की कार्यवाही के दौरान एक मामले में उन्हें लग रहा था कि उनके साथ न्याय नहीं हो रहा है। उस समय नरेंद्र मोहन जी राज्यसभा के सदस्य थे।
साक्षी महाराज के मुताबिक, लोकसभा में चर्चा के दौरान उन्होंने अध्यक्ष से बोलने की अनुमति मांगी और कहा कि साक्षी महाराज के साथ न्याय नहीं हो पा रहा है। इस पर अटल जी ने सहज अंदाज में पूछा कि नरेंद्र मोहन जी, क्या आप साक्षी जी का पक्ष ले रहे हैं? तो उन्होंने जवाब दिया कि पत्रकार का काम किसी का पक्ष लेना नहीं, बल्कि सच्चाई को सामने रखना है।
उन्होंने कहा कि वह साक्षी महाराज का पक्ष लेने नहीं, बल्कि तथ्य सामने रखने के लिए खड़े हुए हैं। साक्षी महाराज ने इस प्रसंग को याद करते हुए दैनिक जागरण की निष्पक्ष पत्रकारिता और सत्य के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
