साक्षी महाराज ने परिसीमन विधेयक को बताया आवश्यक, इधर कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए इसे विकसित भारत के लिए जरूरी बताया। उन्होंने अखिलेश यादव के पीडीए पर भी टिप्पणी की। दूसरी ओर, कांग्रेस ने परिसीमन बिल को महिला आरक्षण से जोड़कर महिला शक्ति से धोखा बताते हुए उन्नाव में विरोध प्रदर्शन किया।

एबी नगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर कालेज डा. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित करते सांसद साक्षी महाराज साथ में जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी व वेणुरंजन भदौरिया। मीडिया प्रभारी
HighLights
साक्षी महाराज ने परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण का समर्थन किया।
उन्होंने मतदाताओं की संख्या में विषमता दूर करने को बिल जरूरी बताया।
कांग्रेस ने परिसीमन बिल को महिला आरक्षण से जोड़कर विरोध किया।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव के पीडीए घोषणा पत्र और संसद में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक पर प्रतिक्रिया दी। मायावती ने पीडीए के घोषणा पत्र को छलावा बताया है इस संदर्भ में सांसद ने कहा कि मायावती ने समाजवादी पार्टी के कथित आतंक को देखा ही नहीं, बल्कि झेला भी है। उन्होंने कहा कि मायावती अपने अनुभव मीडिया के सामने साझा कर चुकी हैं, इसलिए वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।
सांसद ने यह भी कहा, “हाथी के दांत खाने के और दिखाने के और होते हैं।” परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए साक्षी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और महिलाओं के सम्मान के लिए प्रधानमंत्री संकल्पित हैं और जब वे कोई काम ठान लेते हैं, तो उसे पूरा करते हैं।
सांसद ने मतदाताओं की संख्या में अंतर का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ लोकसभा क्षेत्रों में आठ लाख मतदाता हैं, जबकि, उन्नाव में यह संख्या करीब 30 लाख तक पहुंच रही है। उनके मुताबिक, सांसदों को विकास कार्यों के लिए मिलने वाली राशि और मतदाताओं की संख्या के बीच असमानता है। उन्होंने कहा कि इसी विषमता को दूर करने के लिए परिसीमन विधेयक लाया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा सनातन के बिना कुछ नहीं है। सनातन तो साश्वत है। सनातन का विरोध करने वाले अखिलेश जी भी श्री राम जी की शरण में पहुंच गए।
इधर, परिसीमन बिल के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
कांग्रेसियों ने शनिवार को गांधी चौक मिश्रा कालोनी में केंद्र सरकार के परिसीमन बिल के विरोध में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ता मयंक बाजपेई ने कहा कि परिसीमन के साथ महिला आरक्षण बिल जोड़कर सरकार ने महिला शक्ति से धोखा किया है। उन्होंने बिल वापस लेकर 2023 में पारित महिला आरक्षण को वर्तमान स्थिति में लागू करने की मांग की। प्रदर्शन में संजय सिंह, महेश मिश्रा, निर्मल बाजपेई, विश्वनाथ दास आदि मौजूद रहे।
इसके अलावा कांग्रेसियों ने राजधानी मार्ग पर आंबेडकर प्रतिमा के निकट भी केंद्र सरकार के परिसीमन बिल के विरोध में नारेबाजी की। जहां कांग्रेस कार्यकर्ता पुत्तीलाल वर्मा ने लोकसभा की वर्तमान संख्या व सीटों का मौजूदा बंटवारा अगले 25 साल तक बरकरार रखकर इसी पर महिला आरक्षण देने की मांग की। कांग्रेसी जयपाल साहू व रविशंकर गुप्ता ने इसे महंगाई व बेरोजगारी बढ़ाने वाला बताया। यहां पर प्रदर्शन में गौरव शुक्ला, मुन्ना सोनी आदि रहे।