विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रतापगढ़ के सपा सांसद बोले- कांवड़ यात्रा में शामिल होते गरीब और अनपढ़, नशे में उपद्रव करते 

Published: Sun, 22 Nov 2026 09:50 PM (IST)

प्रतापगढ़ के सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने उन्नाव में कांवड़ यात्रा को लेकर विवादित बयान दिया, जिसमें उन्होंने गरीब और अनपढ़ लोगों द्वारा नशे में उपद्रव करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर धर्म का इस्तेमाल धंधे के लिए करने और जनता का ध्यान मुख्य मुद्दों से भटकाने का आरोप भी लगाया।

सपा सांसद एसपी सिंह पटेल। इंटरनेट मीडिया

सपा सांसद एसपी सिंह पटेल। इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. सपा सांसद एसपी सिंह पटेल का कांवड़ यात्रा पर विवादित बयान।

  2. कहा, गरीब और अनपढ़ लोग नशे में करते हैं उपद्रव।

  3. भाजपा पर धर्म के नाम पर धंधा करने का आरोप।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के रूझिहई गांव स्थित सेठ रामनाथ इंटर कालेज में स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर पीडीए स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित किया गया। सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव नितिन सिंह पटेल ने इसका आयोजन किया।

मुख्य अतिथि प्रतापगढ़ के सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा कि कांवड़ यात्रा में शामिल होने वाले गरीब और अनपढ़ लोग शराब, गांजा और भांग का सेवन कर उपद्रव करते हैं, दुकानों में लूटपाट करते हैं और स्कूली बच्चों की वैन तथा पुलिस पर हमला करते हैं। उन्होंने इसे ढोंग बताया। दुर्गा पूजा पंडालों में रखी मूर्तियों और कांवड़ यात्रा को लेकर अपने पूर्व के बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपाइयों ने उनकी बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया था।


एसपी सिंह पटेल ने भाजपा पर धर्म का इस्तेमाल धंधे के लिए करने और किसानों, युवाओं, बेरोजगारी, स्वास्थ्य तथा महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा मौतों और घटनाओं को भी आयोजन में बदलकर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करती है।

विशिष्ट अतिथि श्रावस्ती के सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार और चुनाव आयोग मिलकर लोगों के वोट काट रहे हैं। आयोजक नितिन पटेल ने अतिथियों का चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया और 2027 में भगवंतनगर में सपा की जीत का दावा किया। सभा की अध्यक्षता पूर्व विधायक बाबू कृपा शंकर सिंह ने की। संचालन डाक्टर मान सिंह और हेमंत पाल ने किया।

छात्राओं को साइकिल व छात्रों को लैपटाप

कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं को साइकिलें और मेधावी छात्रों को लैपटाप दिए गए। आधा सैकड़ा से अधिक लोगों को सम्मानित किया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।