UP के गन्ना किसानों की परेशानी खत्म, केन हार्वेस्टर मशीनों से घंटेभर में होगी एक एकड़ की कटाई और लोडिंग
पूर्वांचल के 16 जिलों को गन्ने की कटाई के लिए आधुनिक केन हार्वेस्टर मशीनें मिलेंगी, जिससे मजदूरों की कमी और समय की बचत होगी।

यह मशीन एक घंटे में एक एकड़ गन्ने की कटाई, छंटाई और लोडिंग कर सकेगी, जिससे किसानों को काफी राहत मिलेगी।
HighLights
पूर्वांचल के 16 जिलों को मिलेंगी केन हार्वेस्टर मशीनें।
एक घंटे में एक एकड़ गन्ने की कटाई, छंटाई, लोडिंग।
मजदूरों की कमी और समय की बचत होगी किसानों को।
प्रदीप शर्मा, सुलतानपुर। गन्ने की खेती में अब मजदूरों की किल्लत और कटाई में लगने वाले समय की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। खेतों में गन्ने की कटाई से लेकर छंटाई और लोडिंग तक का काम अब आधुनिक केन हार्वेस्टर मशीन से कराया जा सकेगा। इसके लिए बाराबंकी में 16 जिलों की मशीन आ चुकी हैं, जिनका वितरण वहीं से किया जाएगा।
सुलतानपुर सहित पूर्वांचल के जिलों अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, कुशीनगर, महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया के लिए एक-एक केन हार्वेस्टर मशीन बाराबंकी में आ चुकी हैं। बाराबंकी से ही वितरण होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वितरण कार्यक्रम लखनऊ से करेंगे।
यह मशीन एक घंटे में करीब एक एकड़ गन्ने की कटाई, छंटाई और लोडिंग करने में सक्षम है। खास बात यह है कि इस व्यवस्था को सरकारी स्तर पर लागू किया जा रहा है। इसके तहत किसानों को मशीन से गन्ना कटवाने के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा। पहले चरण में प्रत्येक गन्ना उत्पादक जिले को एक-एक मशीन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
गन्ना अधिकारी राजेश्वर यादव ने बताया कि गन्ने की कटाई किसानों के लिए खेती का सबसे मेहनत का काम है। इसकी कटाई, पत्तियों की छंटाई और लोडिंग के लिए बड़ी संख्या में मजदूरों की जरूरत पड़ती है। पेराई सत्र के दौरान मजदूरों की कमी होने पर किसानों को अधिक मजदूरी देनी पड़ती है। कई बार समय पर कटाई न होने से खेत खाली करने और अगली फसल की बोआई में भी देरी होती है। ऐसे में हार्वेस्टर मशीन से कम समय में अधिक क्षेत्रफल की कटाई होने पर किसानों को समय और श्रम दोनों की बचत हो सकती है।