बरेली के गन्ना किसानों को राहत: 3 चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू, बकायेदार दो मिलों को नहीं मिला गन्ना
बरेली में तीन चीनी मिलों - मीरगंज, फरीदपुर और त्रिवटीनाथ - में नवीन पेराई सत्र का शुभारंभ हो गया है, ...और पढ़ें

मीरगंज चीनी मिल के गन्ना यार्ड में गन्ना डालते जिलाधिकारी अविनाश सिंह, चीनी मिल के चेयरमैन अनीश मोदी, एमडी तन्मय मोदी व अन्य अधिकारी। सौ. सूचना विभाग
HighLights
गन्ना लेकर पहुंचे किसानों को किया सम्मानित, पर्ची आने के बाद करें गन्ने की छोलाई
जागरण संवाददाता, बरेली। जिले की तीन चीनी मिलों में बुधवार को हवन-पूजन के साथ नवीन पेराई सत्र का शुभारंभ हुआ। गन्ना लेकर पहुंचे किसानों को सम्मानित किया गया। बैलगाड़ी लेकर पहुंचे किसानों के बैल और ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना लेकर पहुंचे किसानों के ट्रैक्टर का भी पूजन किया गया। क्रय केंद्रों पर गन्ने की तौल कराई जा चुकी है।
किसानों को सुझाव दिए गए हैं कि पर्ची मिलने पर ही गन्ना की छोलाई कराकर ताजा और साफ गन्ना मिल को उपलब्ध कराएं। भरोसा दिलाया गया है कि निर्धारित अवधि में गन्ना मूल्य का भुगतान कराया जाएगा।
नकदी फसल गन्ना तैयार हो जाने से किसान चीनी मिलों में जल्द पेराई सत्र शुरू कराने की मांग कर रहे थे। वैसे तो जिले में छह चीनी मिलें हैं, आज तीन चीनी मिलों में ही पेराई सत्र आरंभ हुआ। इनमें फारएवर ग्लोबल एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एफजीएएल) मीरगंज, चीनी मिल फरीदपुर और बहेड़ी क्षेत्र में स्थित त्रिवटीनाथ चीनी मिल शामिल हैं।
मीरगंज चीनी मिल को 99 सेंटरों का 229 लाख क्विंटल, फरीदपुर चीनी मिल को 80 सेंटरों का 245 लाख क्विंटल और त्रिवटीनाथ चीनी मिल को छह सेंटरों का 19 लाख क्विंटल गन्ना आवंटित किया गया है।
साधन सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा में नवीन पेराई सत्र का शुभारंभ 16 नवंबर को किया जाएगा। इस मिल को 14 सेंटरों का 89 लाख क्विंटल गन्ना आवंटित किया गया है।
किसानों की बकायेदार केसर चीनी मिल बहेड़ी और ओसवाल चीनी मिल नवाबगंज को गन्ना आवंटित नहीं किया गया है। इन मिलों के चलने की संभावना नहीं दिख रही है।
मीरगंज में 99 क्रय केंद्र खुले, 1.05 करोड़ क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य
मीरगंज। फारएवर ग्लोबल एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एफजीएएल) मीरगंज में बुधवार को नवीन पेराई सत्र का हवन-पूजन के साथ शुभारंभ हुआ। चैयरमैन उद्यमी अनीश मोदी, एमडी उद्यमी तन्मय मोदी, बिजनेस हेड डीके शर्मा, संदीप शर्मा, अध्यासी यूनिट हेड विजयवीर सिंह राणा यजमान के रूप में पूजन में शामिल हुए।
पुरोहित पंडित कुलदीप कुमार शर्मा ने विधि विधान से पूजन कराया। सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार, विधायक डा. डीसी वर्मा, जिलाधिकारी अविनाश सिंह हवन में शामिल हुए।
हवन पूजन के बाद यूनिट हेड अतिथियों के संग मिल गेट स्थित गन्ना तौल कांटे पर पहुंचे। मिल गेट पर गन्ना लेकर आए किसान संतरा देवी नगरिया कल्यानपुर, कामता प्रसाद ठिरिया खुर्द उनके बैलों और ट्रैक्टर की पूजा की।
उनका तिलक लगाकर मिल स्वागत के साथ सम्मानित किया। पूजन उपरांत अपने हाथों से चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया। प्रबंधन उपाध्यक्ष, यूनिट हेड विजयवीर सिंह राणा ने बताया कि चीनी मिल क्षेत्र में 99 गन्ना क्रय केंद्र खुल चुके हैं।
चीनी मिल ने एक करोड़ पांच लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा है। पूरी उम्मीद है कि किसानों के सहयोग से पूरा कर लेंगे। किसान पर्ची मैसेज मिलने पर ही गन्ना छोलाई कर ताजे, साफ सुथरे गन्ना की आपूर्ति करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।