विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी की ग्राम पंचायतों को 50 लाख का पुरस्कार जीतने का मौका, योगी सरकार की इस योजना में आवेदन शुरू

Published: Fri, 11 Sep 2026 08:19 AM (IST)

उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 ग्राम पंचायतों को 50-50 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 10 उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों को मिलेगा 50-50 लाख का पुरस्कार।

  2. स्वच्छता, पर्यावरण, डिजिटल सेवाओं सहित 10 श्रेणियों में चयन।

  3. आवेदन प्रक्रिया 15 से 30 सितंबर तक ऑनलाइन चलेगी।

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। गांवों में बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों को अब उनके उत्कृष्ट कार्यों का पुरस्कार मिल सकता है। पंचायतीराज विभाग ने ‘मुख्यमंत्री 10 विशेष पुरस्कार: समग्र इच्छुक एवं पात्र ग्राम पंचायतें ’ योजना के तहत प्रदेश की उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों से आवेदन मांगे हैं। चयनित 10 ग्राम पंचायतों को 50-50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू होकर 30 सितंबर तक चलेगी।

यह पुरस्कार केवल सामान्य विकास कार्यों के आधार पर नहीं, बल्कि पंचायतों के नवाचार, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल सेवाओं और आर्थिक आत्मनिर्भरता जैसे कार्यों के मूल्यांकन के बाद दिया जाएगा।

ऐसे में जिले की ग्राम पंचायतों के सामने बेहतर कार्यों को प्रदेश स्तर पर पहचान दिलाने और पुरस्कार राशि हासिल करने का अवसर है। पंचायतीराज विभाग ने पुरस्कार के लिए 10 अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की हैं।

इनमें घर-घर कूड़ा एकत्र करने वाली पंचायत, तरल अपशिष्ट प्रबंधन करने वाली पंचायत, स्वयं की आय (ओएसआर) अर्जित करने वाली पंचायत, प्लास्टिक मुक्त एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन करने वाली पंचायत शामिल हैं।

इसके अलावा कामन सर्विस सेंटर के माध्यम से सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराने, पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन, मेरा तालाब मेरी योजना में बेहतर काम, महिला नेतृत्व एवं सहभागिता, आधार केंद्र के माध्यम से सेवाएं उपलब्ध कराने और प्राकृतिक जैविक खेती को बढ़ावा देने वाली पंचायतों को भी पुरस्कार के लिए चुना जाएगा।

ऑनलाइन करना होगा आवेदन

पात्र ग्राम पंचायतों को (cmawards.upprd.in) पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान पंचायतों को अपने उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों का विवरण देना होगा। विभागीय स्तर पर परीक्षण और चयन प्रक्रिया के बाद प्रदेश की श्रेष्ठ पंचायतों का चयन किया जाएगा।

जिला पंचायत राज्य अधिकारी अभिषेक शुक्ला ने बताया कि ग्राम पंचायतों में इस योजना का प्रचार-प्रसार और आवेदन के लिए जागरूक किया जा रहा। जिससे ज्यादा से ज्यादा ग्राम पंचायतें इसमें प्रतिभाग कर सकें और इसका लाभ उनको मिले।

यह भी पढ़ें- रायबरेली : पहले चरण में खुलेंगे 34 आधार सेंटर, ग्राम सचिवों को मिलेगी ट्रेनिंग; पंचायतीराज विभाग और UIDAI के बीच हुआ MOU

यह भी पढ़ें- मथुरा में ग्राम पंचायतों की व्यावसायिक संपत्ति से बेदखल होंगे कब्जेदार, आय के स्रोत बढ़ाने के लिए जिला पंचायतीराज विभाग की कवायद