सुलतानपुर में राजस्व टीम पर हमले के आरोपियों का एनकाउंटर, पांच बदमाश गिरफ्तार; पैर में लगी गोली
सुलतानपुर में अवैध खनन रोकने गई राजस्व टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

HighLights
अवैध खनन रोकने गई राजस्व टीम पर हमला हुआ।
पुलिस ने दो मुठभेड़ों में पांच आरोपितों को पकड़ा।
नायब तहसीलदार घायल, हथियार और काली थार बरामद।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। अमिलिया कला गांव में सोमवार देर रात अवैध खनन रोकने गई राजस्व टीम पर हमले के मामले में बुधवार सुबह दो मुठभेड़ हुई।
कोतवाली नगर और अखण्डनगर इलाके में हुई दो अलग अलग मुठभेड़ में पुलिस ने कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों के कब्जे से तमंचा, अवैध पिस्टल, कारतूस और एक काली थार बरामद हुई है। दरअसल, सोमवार की देर रात अमिलिया कला गांव में अवैध खनन की सूचना पर नायब तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार यादव दो लेखपालों के साथ मौके पर गए थे। खनन में लगे बदमाशों ने टीम पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपित फरार हो गए।
मामले में खनन इंस्पेक्टर शिव दयाल सिंह, लेखपाल सुमित कुमार शर्मा की तहरीर पर हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में गोलू सिंह, संदीप सिंह समेत 15 अज्ञात पर मुकदमे दर्ज हुए। पुलिस आरोपितों की तलाश में थी। बुधवार की सुबह कोतवाली नगर के खैंचिला इलाके में बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हुई।
इसमें पुलिस ने अमिलिया कला के राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ ही बंधुआ कला के प्रतापपुर निवासी नौशाद, करौंदी कला के रवनिया निवासी मनोज को गिरफ्तार किया। एएसपी वृज नारायण सिंह ने बताया कि घायल आरोपित का इलाज जारी है। अन्य की तलाश है।
अखण्ड नगर में हुई दूसरी मुठभेड़, दो गिरफ्तार
अखण्ड नगर इलाके में बुधवार सुबह 8:45 बजे बदमाशों की पुलिस से दूसरी मुठभेड़ भी हो गई। इसमें राजस्व टीम पर हमले के दो अन्य आरोपितों को पुलिस ने पकड़ा है।

पकड़े गए आरोपितों में अमिलिया कला निवासी संदीप सिंह भी शामिल है। इसके साथ ही पुलिस ने गोसाईगंज के नकाहा महमूदपुर निवासी प्रशांत सिंह को भी मुठभेड़ में पकड़ा है। दोनों के पैर में गोली लगी है।
यह भी पढ़ें- सुलतानपुर: अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने गई राजस्व टीम पर हमला, नायब तहसीलदार का टूटा पैर