विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुलतानपुर में विवाद सुलझाने पहुंचे युवक को लगी गोली, पुलिस ने एक आरोपित को किया गिरफ्तार

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Tue, 20 Oct 2026 11:38 PM (IST)

सुलतानपुर के कुड़वार थाना क्षेत्र में विवाद सुलझाने पहुंचे प्रभुनाथ नामक युवक को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. विवाद सुलझाने के प्रयास में युवक को लगी गोली।

  2. पेट में गोली लगने से घायल की हालत नाजुक।

  3. पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। कुड़वार थाना क्षेत्र के मड़हा गांव में मंगलवार रात गोली चलने से में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया जा रहा है कि दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने के प्रयास में युवक को गोली लगी। पुलिस ने प्रकरण में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

धनपतगंज थाना क्षेत्र के माधवपुर आचार्य निवासी प्रभुनाथ (35) पुत्र जगदेव मंगलवार रात करीब आठ बजे मड़हा गांव में मौजूद थे। इसी दौरान रास्ते के समीप कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ता देख प्रभुनाथ बीच में पहुंचे। इसी दौरान गोली चलने से वह घायल होकर गिर पड़े।

वारदात के बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में प्रभुनाथ को कुड़वार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें- यूपी में दो सीनियर IPS अधिकारियों का तबादला, डीके ठाकुर का अतिरिक्त प्रभार हटा

परिजनों का कहना है कि प्रभुनाथ की किसी से पुरानी दुश्मनी नहीं थी। प्रत्यक्षदर्शी सोनू के मुताबिक, घटनास्थल पर कई लोग मौजूद थे। इसी बीच अचानक गोलियां चलने लगीं। उन्होंने हमलावरों को दूसरे गांव का बताया, लेकिन उनकी पहचान की जानकारी नहीं दे सके।

एएसपी वृज नारायण सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।