सुलतानपुर में दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राईसाइकिल, ऑनलाइन आवेदन शुरू
सुलतानपुर में दिव्यांग छात्राओं को आवागमन में सहूलियत के लिए ई-ट्राईसाइकिल दी जाएगी। इसके लिए दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
दिव्यांग छात्राओं को आवागमन के लिए ई-ट्राईसाइकिल मिलेगी।
योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू।
न्यूनतम 16 वर्ष आयु की छात्राएं कर सकती हैं आवेदन।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। स्कूल और शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई कर रहीं दिव्यांग छात्राओं को आवागमन में सहूलियत देने के लिए ई-ट्राईसाइकिल दी जाएगी। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। योजना का लाभ लेने के लिए छात्राओं को निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करने के साथ जरूरी अभिलेख भी पोर्टल पर अपलोड करने होंगे।
योजना के तहत न्यूनतम 16 वर्ष आयु की ऐसी दिव्यांग छात्राएं आवेदन कर सकती हैं, जो स्कूल में पढ़ रही हों या किसी संस्थान से शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हों। आवेदन के लिए संस्थान के अध्यक्ष से जारी अध्ययनरत होने का प्रमाणपत्र और मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र अनिवार्य है।
छात्रा का कमर से ऊपर का हिस्सा स्वस्थ होना चाहिए। साथ ही उसकी दृष्टि और मानसिक स्थिति अच्छी होनी चाहिए। वह ई-ट्राईसाइकिल पर बैठकर अपने हाथों से उसे चलाने में सक्षम होनी चाहिए।
इसके अलावा दिव्यांग छात्रा या उसके परिवार का कोई सदस्य आयकरदाता नहीं होना चाहिए। आवेदन से पहले यह भी सुनिश्चित करना होगा कि पिछले पांच वर्षों में उसे किसी सरकारी या सरकार से अनुदानित स्रोत से ई-ट्राईसाइकिल का लाभ न मिला हो।
प्रभारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शक्ति शरण श्रीवास्तव ने बताया कि पात्र छात्राएं https://hwd.uphq.in पोर्टल पर लाइन आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए दिव्यांगता प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, विद्यालय में अध्ययनरत होने का प्रमाणपत्र, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। ऑनलाइन आवेदन के बाद उसकी प्रति जरूरी अभिलेखों के साथ जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग कार्यालय में जमा करनी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।