सुलतानपुर में एप डाउनलोड कराने के लिए भेजा लिंक, इंस्टॉल करते ही खाते से उड़े 4.98 लाख
सुलतानपुर में एक व्यक्ति के खाते से साइबर जालसाजों ने एसबीआई योनो ऐप इंस्टाल कराने का झांसा देकर 4.98 लाख रुपये निकाल लिए।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
साइबर जालसाजों ने योनो ऐप लिंक से की ठगी।
पीड़ित के खाते से 4.98 लाख रुपये निकाले गए।
कोर्ट के आदेश पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। कोतवाली देहात के विनोबापुरी निवासी पीड़ित के खाते से साइबर जालसाजों ने 4.98 लाख रुपये निकाल लिए। जालसाजों ने उन्हें एसबीआई का योनो एप इंस्टाल कराने का झांसा देकर ठगी कर ली। कोर्ट के आदेश पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
शिकायत में पीड़ित दुर्गा प्रसाद वर्मा ने बताया कि एक जनवरी 2026 को उनके मोबाइल फोन पर एसबीआइ योनो एप डाउनलोड करने के लिए एक लिंक आया। लिंक क्लिक करने पर उनसे निजी जानकारियां मांगी जाने लगी। शक होने पर उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी। अगले दिन उनके मोबाइल पर 4.98 लाख रुपये खाते से कटने का मैसेज आया।
पीड़ित ने बैंक की हेल्पलाइन और 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। बैंक से 90 दिन में रकम वापसी का आश्वासन दिया गया। मिनी स्टेटमेंट निकालने पर पता चला कि खाते से छह बार में अलग-अलग माध्यम से रुपये निकाले गए हैं।
आरोप है कि तीन जनवरी को साइबर क्राइम थाने में शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। थाना प्रभारी कंचन सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी के स्कूलों में अब मिड-डे मील में मिलेगा मीठा हलवा और नमकीन उपमा, रायबरेली के दो लाख बच्चों को होगा फायदा