यूपी के स्कूलों में अब मिड-डे मील में मिलेगा मीठा हलवा और नमकीन उपमा, रायबरेली के दो लाख बच्चों को होगा फायदा
रायबरेली के परिषदीय स्कूलों में बच्चों को सर्दियों में मध्याह्न भोजन के साथ अब मीठा हलवा और नमकीन उपमा भी मिलेगा। यह योजना नवंबर से फरवरी तक चलेगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सर्दियों में बच्चों को मिलेगा पोषण युक्त मीठा हलवा और नमकीन उपमा।
रायबरेली के 2402 स्कूलों के 2 लाख से अधिक छात्रों को लाभ।
मध्याह्न भोजन बनाने वाली रसोइयों को मिलेगी प्रति छात्र प्रोत्साहन राशि।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। परिषदीय स्कूलों के बच्चों को सर्दियों के मौसम में मध्यान्ह भोजन के साथ पोषण युक्त मीठा हलुवा और नमकीन उपमा भी मिलेगा। यह योजना नवंबर से फरवरी तक चलेगी।
जिले के 2402 परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दो लाख तीन हजार 166 बच्चों को इस योजना का लाभ मिलेगा। प्रति छात्र हलुवा सात रुपये व उपमा के लिए चार रुपये लागत तय की गई है। यह सुविधा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में भी दी जाएगी।
विद्यालयों में पंजीकृत विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन के पूर्व से निर्धारित मेन्यू के अलावा अतिरिक्त रूप से मीठा हलुवा व नमकीन उपमा परोसा जाएगा। माह के पहले व तीसरे सप्ताह में शुक्रवार के दिन मीठा हलवा तथा दूसरे व पांचवें सप्ताह में इसी दिन नमकीन उपमा परोसा जाएगा।
प्रत्येक विद्यार्थी को हलुवा 62 ग्राम और उपमा 58 ग्राम मिलेगा। हलवे को सूजी, घी, चीनी व घिसा नारियल तथा नमकीन उपमा को सूजी, तेज, मौसमी सब्जी, मूंगफली व मसाला से तैयार किया जाएगा।
रसोइया को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
योजना के तहत विद्यालयों में मिड डे मील तैयार करने वाली रसोइयाें को भी लाभ होगा। हलुवा व उपमा तैयार करने के लिए अलग से दो रुपये प्रति विद्यार्थी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि विद्यालय में पंजीकृत छात्र संख्या के अनुसार मिलेगी। प्रोत्साहन राशि मार्च में प्रदान की जाएगी।
सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि योजना को गंभीरता से लागू करें। सभी विद्यालयों में इसे लागू करना अनिवार्य होगा। -राहुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी।