विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुलतानपुर में एक साल के बच्चे का अपहरण कर 50 हजार रुपये में बेचा, दो आरोपी गिरफ्तार

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:00 AM (IST)

सुलतानपुर पुलिस ने एक वर्षीय बच्चे के अपहरण और उसे 50 हजार रुपये में बेचने के आरोप में एक महिला ऊषा और युवक जितेंद्र को गिरफ्तार किया है।

पुलिस गिरफ्त में बच्चे को बेचने वाली महिला और युवक

पुलिस गिरफ्त में बच्चे को बेचने वाली महिला और युवक

HighLights

  1. एक वर्षीय बच्चे का अपहरण कर 50 हजार में बेचा गया।

  2. कादीपुर पुलिस ने ऊषा और जितेंद्र को गिरफ्तार किया।

  3. अपहृत बच्चे तौफीक को सकुशल बरामद कर लिया गया।

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। कादीपुर पुलिस ने एक वर्षीय बच्चे का अपहरण कर उसे 50 हजार रुपये में बेचने वाली एक महिला ऊषा और युवक जितेंद्र को गिरफ्तार किया है।

महिला ने बच्चा युवक को बेचा था जो उसे दोबारा बेचने के लिए मुंबई ले गया लेकिन सौदा तय नहीं होने पर वापस आ गया। पुलिस ने शुक्रवार को बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 50 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि जौनपुर के सरायख्वाजा स्थित ककोरगहना निवासी रूबीना ने सात नवंबर को कादीपुर थाने में तहरीर दी थी। रूबीना के मुताबिक, वह कादीपुर बस स्टैंड पर खड़ी थी तभी अपने एक वर्षीय बेटे तौफीक को आठ वर्षीय बेटी के पास छोड़कर पानी लेने चली गई।

वापस आई तो बेटा नहीं था पूछने पर उनकी बेटी भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पाई। शिकायत के आधार पर कादीपुर पुलिस ने सीसी फुटेज और अन्य माध्यमों से तलाश शुरू की। जांच के दौरान बेटी के बताए हुलिये और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कादीपुर के सरायकल्याण निवासी महिला ऊषा को पकड़ा।

पूछताछ में उसने बताया कि पटेल नगर चौराहे के पास आठ वर्षीय बच्ची को अकेला देखकर उसे बातों में उलझाकर एक वर्षीय तौफीक को लेकर फरार हो गई थी। इसके बाद कादीपुर खुर्द निवासी जितेंद्र से 50 हजार रुपये लेकर बच्चा उसे सौंप दिया। जितेंद्र बच्चा बेचने मुंबई ले गया लेकिन वहां सौदा नहीं हो पाया तो बच्चे को साथ लेकर लौट आया।

वह फिर बच्चे को बेचने की फिराक में था। एसपी ने बताया कि 13 नवंबर को मगरावां स्थित साजिद कार वाशिंग सेंटर के पास मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर जितेंद्र को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद किया गया है। राजफाश में शामिल टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।

यह भी पढ़ें- अयोध्या और सुलतानपुर राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगेगा अंकुश, आधुनिक कैमरों से होगा चालान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।