अयोध्या और सुलतानपुर राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगेगा अंकुश, आधुनिक कैमरों से होगा चालान
NHAI: एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को हर माह एएनपीआर का डाटा भेजा जाएगा। उसके आधार पर ही यातायात पुलिस चालान कर सकेगी।

अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग
HighLights
एनएचएआई ने दोनों राजमार्ग पर शुरू किया एटीएमएस व एएनपीआर कैमरे लगाने का काम
लखनऊ से कानपुर, हरदोई और सीतापुर राजमार्ग की भी कैमरों से होगी निगरानी
अंशू दीक्षित, लखनऊ। यदि अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग से जा रहे हैं और वाहन की गति निर्धारित सीमा से तेज है तो सतर्क हो जाएं, क्योंकि ऐसा करने पर अब चालान कटेगा। ऐसा ही सुलतानपुर रोड पर भी होगा।
लखनऊ-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने लखनऊ से निकलने वाले सभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आधुनिक कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। पहले चरण के तहत लखनऊ से अयोध्या और लखनऊ से सुलतानपुर के बीच आप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का काम भी शुरू हो गया है।
मार्च 2027 तक दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैमरे लग जाएंगे। इसके बाद लखनऊ से कानपुर, लखनऊ से सीतापुर और लखनऊ से हरदोई के बीच भी कैमरे लगेंगे। इन तीनों राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैमरे लगाने के लिए मुख्यालय प्रस्ताव भेजा गया है।
एनएचएआई लखनऊ परिक्षेत्र में सिर्फ लखनऊ से रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम कैमरा (एटीएमएस) और आटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) लगे थे। अब इसी तरह के कैमरे अयोध्या व सुलतानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग लगेंगे। वर्तमान में आप्टिकल केबल बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। दोनों ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर सौ सौ एटीएमएस लगाए जाएंगे।
इसके अलावा लखनऊ-सुलतानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 731) पर दस एएनपीआर कैमरा लगेंगे। इनका कंट्रोल रूम असरोगा और हैदरगंज में उसी स्थान पर बनेंगे, जहां टोल बैरियर है। इसी तरह लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 27) पर 12 एएनपीआर कैमरे लगेंगे। इसका कंट्रोल रूम अहमदपुर और रोनाही स्थित टोल पर बनाया जाएगा।
आउटर रिंग रोड व एक्सप्रेसवे पर लग चुके हैं कैमरा
एनएचएआई ने 105 किलोमीटर की आउटर रिंग रोड पर एटीएमएस और एएनपीआर कैमरे लगवाने का काम पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में माती के पास अस्थायी कंट्रोल रूम बना है। भविष्य में सुलतानपुर मार्ग के पास नया कंट्रोल रूम बनेगा, जो स्थायी होगा। वहीं लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर भी दोनों तरह के कैमरे लगाए जा चुके हैं। इसका कंट्रोल रूम बनी के पास बनाया गया है।
एनएचएआई के पास होगी कंट्रोलिंग पावर
एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को हर माह एएनपीआर का डाटा भेजा जाएगा। उसके आधार पर ही यातायात पुलिस चालान कर सकेगी। अगर पुलिस को कोई डाटा या ब्योरा चाहिए, तो उसे पहले एनएचएआई को अवगत कराना होगा, उसके बाद ही ब्योरा दी जाएगी।
मार्च 2027 तक सुविधा उपलब्ध
एनएचएआई के परियोजना निदेशक नवरतन ने बताया कि अभी तक लखनऊ-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैमरे की सुविधा थी। अब लखनऊ से सुलतानपुर और अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार्च 2027 तक सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। इस सुविधा से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा। भविष्य में लखनऊ से कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, सीतापुर और हरदोई राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कैमरे लगाए जांएगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।