छठ महापर्व के लिए पांच सेक्टर में बंटा सुलतानपुर का सीताकुंड घाट, दो ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी
सुलतानपुर के सीताकुंड घाट पर छठ महापर्व के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें 200 से अधिक पुलिसकर्मी ...और पढ़ें

छठ महापर्व पर पांच सेक्टर में बंटा सीताकुंड घाट।
HighLights
200 से अधिक पुलिसकर्मी और पीएसी जवान तैनात।
सीताकुंड घाट को सुरक्षा के लिए पांच सेक्टरों में बांटा।
ड्रोन कैमरों से छठ महापर्व आयोजन पर कड़ी निगरानी।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। सीताकुंड घाट पर छठ महापर्व को लेकर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए सैकड़ों व्रती महिलाएं पहुंचती हैं। उनकी सुरक्षा और आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने भी कमर कस ली है। पुलिस और पीएसी के करीब दो सौ से अधिक जवान सुरक्षा में तैनात होंगे। ड्रोन कैमरे से पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी। घाट को पांच सेक्टर में बांटा गया है।
रविवार दोपहर बाद से महिलाओं और लोगों का घाट पर आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में युवतियां और बच्चे भी शामिल होते हैं। इनकी सुरक्षा के लिए लगभग दो सौ से अधिक जवान तैनात होंगे। इसके अलावा सादी वर्दी में भी महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
साथ ही एक दारोगा और दो-दो पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों की कई टीम बनाई गई हैं। पूरे आयोजन पर यह टीम भी नजर रखेगी। पुलिसकर्मियों की दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाएगी।
क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि दीवानी चौराहा, सिविल लाइंस और अन्य इलाकों में आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन किया जाएगा। इसके लिए प्लान तैयार किया जा रहा है। जिन रास्तों से लोग घाट पर पहुंचते हैं वहां पिकेट तैनात की जाएगी। घाट पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार की व्यवस्था की जाएगी।
एसपी और एएसपी ने किया निरीक्षण
छठ घाट पर चल रही तैयारियों का शुक्रवार देर रात एसपी विनीत जायसवाल और एएसपी वृज नारायण सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय पुलिस को गश्त करने और असामाजिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।