पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 2 महीने में हादसों में हुईं 17 मौतें, सवालों के घेरे में सुरक्षा निगरानी
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हालिया हादसे में 3 मौतों के बाद सुरक्षा पर सवाल उठे हैं।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो महीने में 17 लोगों की जान जा चुकी है।
HighLights
हालिया स्विफ्ट-अर्टिगा टक्कर में तीन लोगों की मौत।
चालकों की झपकी, खड़े वाहन, गलत दिशा में ड्राइविंग कारण।
सुलतानपुर में दो माह में 17 मौतें, बाराबंकी में 12।
जागरण टीम, सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को विपरीत दिशा से आ रही स्विफ्ट और अर्टिगा की टक्कर से 3 लोगों की मौत के बाद एक बार फिर सुरक्षा और निगरानी सवालों के घेरे में है। पूर्व में भी कई बार निगरानी की कमी से ट्रक और अन्य वाहन एक्सप्रेसवे पर खड़े रहे और इनसे हादसे हो गए।
दो महीने में 17 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकांश हादसों में चालकों को झपकी आना, एक्सप्रेसवे पर खड़े वाहन से अन्य वाहनों का भिड़ जाना या फिर विपरीत दिशा में ड्राइविंग हादसों की सबसे बड़ी वजह है।
एक्सप्रेसवे पर वाहन खड़े होने से हादसे
लखनऊ से गाजीपुर तक जाने वाले इस एक्सप्रेसवे का 107 किलोमीटर का हिस्सा सुलतानपुर में है। यूपीडा का दावा है कि 24 घंटे पेट्रोलिंग और रेस्क्यू की व्यवस्था रहती है। इसके बावजूद अक्सर ट्रक, ट्रेलर समेत अन्य वाहनों के चालक अपनी गाड़ियां एक्सप्रेसवे पर खड़ी कर देते हैं। कई बार वाहन चालक गलती से आगे बढ़ जाते हैं। ऐसे में वे लौटने के लिए गलत साइड से आ जाते हैं।
जिले की सीमा से निकले एक्सप्रेसवे पर अवैध कट नहीं है, लेकिन कई बार वाहन चालक एक्सप्रेसवे पर ही विपरीत दिशा में फर्राटा भरते हैं, इससे हादसे भी हो रहे हैं।
बाराबंकी में 12 लोगों की मौत
बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे 17.05 किलोमीटर से 36.30 तक है। एक्सप्रेस-वे लोनीकटरा, हैदरगढ़ और सुबेहा थाना क्षेत्रों से होकर गुजरता है। इस वर्ष सड़क हादसों में 12 लोगों की जान जा चुकी है। 11 दिसंबर 2025 को हैदरगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर में आजमगढ़ में तैनात सिपाही जावेद की पत्नी गुलिस्ता, पुत्री समरीन, इल्मा खान, जियान और बेटे इशा समेत पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं अंबेडकरनगर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जिले की अकबरपुर और जलालपुर तहसील का छह किलोमीटर हिस्सा शामिल है।
जैतपुर थाना क्षेत्र में करीब दो वर्ष पहले अवैध कट से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रैक्टर के चढ़ने के दौरान एक युवक की हादसे में मौत हो गई थी। अमेठी में 15 किलोमीटर का हिस्सा आता है जहां अक्सर हादसे होते हैं। हालांकि, जिले में कोई अवैध कट नहीं है।
यह भी पढ़ें- सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बगहा के 2 लोगों की मौत और 7 घायल
सुलतानपुर में दो महीने में हुई 17 मौतें
27 अगस्त 2026- बल्दीराय इलाके में गुड़गांव से बिहार जा रही निजी बस चालक को झपकी आने से ट्रक में घुसी, तीन की मौत, 16 घायल
23 सितंबर 2026- बल्दीराय इलाके में चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर बोलेरो पलटी, एक की मौत, छह घायल
25 सितंबर 2026- माइलस्टोन 105.200 के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वाराणसी के नदेसर निवासी पांच लोग घायल
4 अक्टूबर 2026- हलियापुर इलाके में एक्सप्रेसवे पर खड़ी ट्रक में पीछे से घुसी एम्बुलेंस चार लोगों की मौत, एम्बुलेंस चालक को आई थी झपकी
4 अक्टूबर 2026- बल्दीराय में माइलस्टोन 84.5 के पास सेब लदी पिकप चालक को झपकी आने से ट्रक के ट्रेलर में घुसी, एक की मौत
7 अक्टूबर 2026- बल्दीराय में झपकी आने से ट्रक में पीछे से घुसी अर्टिगा, चार क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत
24 अक्टूबर 2026- दोस्तपुर इलाके में विपरीत दिशा से जा रही स्विफ्ट अर्टिगा में घुसी, तीन की मौत
सहायक सुरक्षा अधिकारी धनेश प्रसाद ने बताया कि निगरानी के लिए टीम तैनात है, जो गाड़ियां सड़क पर खड़ी मिलती हैं टीम उनके नंबर के आधार पर यातायात पुलिस को सूचित करती है। सीसी कैमरे से भी मानीटरिंग होती है।
