सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बगहा के 3 लोगों की मौत और 6 घायल
Purvanchal Expressway Collision: सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बगहा के तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।

हादसा दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौली गांव के पास एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 162 पर दोपहर करीब तीन बजे हुआ।
HighLights
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ।
बगहा के तीन लोगों की मौके पर और इलाज के दौरान मौत।
स्विफ्ट डिजायर और आर्टिगा के बीच आमने-सामने की टक्कर।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिमी चंपारण)। Sultanpur Purvanchal Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में बगहा के तीन लोगों की मौत हो गई।
दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं। हादसा दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौली गांव के पास एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 162 पर दोपहर करीब तीन बजे हुआ।
आमने सामने हुई टक्कर
बताया गया कि बगहा से स्विफ्ट डिजायर कार में सवार लोग विंध्याचल में मां के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार की सामने से आ रही आर्टिगा से आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दो की मौके पर मौत
स्विफ्ट डिजायर में सवार बगहा नगर थाना क्षेत्र के जीतपुर निवासी श्याम बिहारी सिंह (62) और अजय कुमार गुप्ता (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल अशोक कुमार यादव (28) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। खैरपोखरा निवासी शेषनाथ यादव ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है।
छह लोग हुए घायल
हादसे में स्विफ्ट डिजायर सवार कन्हैया भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दूसरी कार में सवार रीता (45), उनकी बेटियां दीक्षा (18), दीपशिखा (21), गरिमा (25) और संदीप यादव (30) भी घायल हुए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
स्वजन सुल्तानपुर रवाना
हादसे की सूचना मिलते ही बगहा में मृतकों के स्वजन में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वजन सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। उनके देर रात तक घटनास्थल पहुंचने की संभावना है।
