डेढ़ साल पहले गूंजी थीं शादी की शहनाइयां, अब अमन की मौत से परिवार में पसरा मातम; बेगूसराय में सड़क हादसा
साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 33 वर्षीय अमन कुमार की मौत ...और पढ़ें

बेगूसराय में सड़क हादसे में युवक की मौत। सांकेतिक तस्वीर
संवाद सूत्र, साहेबपुर कमाल (बेगूसराय)। बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एनएच-31 पर रविवार की देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
सनहा ढाला और जाफरनगर ढाला के बीच करीब सात बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 33 वर्षीय अमन कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।
मृतक की पहचान सबदलपुर पंचायत के वार्ड संख्या दो निवासी फुर्ती यादव के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अमन अपाचे बाइक से अपने घर सबदलपुर से ससुराल बहादुरनगर जा रहा था।
इसी दौरान एनएच-31 पर सनहा ढाला और जाफरनगर ढाला के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि अमन की मौके पर ही मौत हो गई।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, परिवार में पसरा मातम
अमन कुमार की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। कम उम्र में उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जिस घर में कुछ समय पहले तक नई जिंदगी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी पुलिस
इस संबंध में साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए मामले की जांच की जा रही है। वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
