सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो कारों की जोरदार टक्कर, दो लोगों की मौत; 7 घायल
सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और अर्टिगा की टक्कर हो गई। ...और पढ़ें

बढ़ौली गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अर्टिगा में घुसी स्विफ्ट
HighLights
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर विपरीत दिशा से आ रही स्विफ्ट की टक्कर।
हादसे में बिहार के दो लोगों की मौके पर मौत।
सात अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सूत्र, सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बढ़ौली गांव के पास शनिवार दोपहर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सवारी लेकर जा रही अर्टिगा में घुस गई। घटना में दोनों गाड़ियों पर सवार कुल नौ लोगों को चोटें आई। पुलिस ने सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां बिहार के रहने वाले दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि सात अन्य की हालत नाजुक है।
अर्टिगा गाड़ी आजमगढ़ की ओर से सवारियों को लेकर लखनऊ आ रही थी। माइलस्टोन 162.7 के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट सामने से उसमें घुस गई। हादसे में दोनों वाहनों पर सवार कुल नौ लोगों को गंभीर चोटें आई। घटना के बाद सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस और यूपीडा कर्मियों को दी। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने बिहार के पश्चिमी चंपारण स्थित सेमरा के जीतपुर मटियावा निवासी 35 वर्षीय अजय गुप्ता और इसी जिले के नारायणपुर के नरईपुर निवासी 60 वर्षीय श्याम बिहारी सिंह को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बिहार के बेतिया निवासी अशोक यादव को स्थानीय सीएचसी से अंबेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कादीपुर क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जाएगी।
शादी की खरीदारी के लिए जा रही थी लखनऊ
घटना में आजमगढ़ के हाइडिल कालोनी निवासी रीता, उनकी दो बेटियां दीक्षा और दीपशिखा, बहन की बेटी गरिमा भी घायल हो गई। गरिमा ने बताया कि वह भाई की शादी की खरीदारी के लिए अर्टिगा से लखनऊ जा रही थी। आजमगढ़ के कलंदरपुर निवासी संदीप यादव और कन्हैया भी घायल हुए हैं।
नियमों का उल्लंघन, जिम्मेदार बेखबर
एक्सप्रेसवे पर लगातार नियमों का उल्लंघन हो रहा है। शनिवार को भी स्विफ्ट लगभग एक किलोमीटर दूर तक विपरीत दिशा में रफ्तार भरती रही लेकिन जिम्मेदारों की नजर नहीं पड़ी। उधर निजी अर्टिगा से सवारियां लाई जा रही थी लेकिन जिम्मेदार इसे भी नहीं देख पाए। घटना के बाद अर्टिगा चालक भी फरार हो गया।
