विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुलतानपुर के सीताकुंड में बिछेगी नई पाइप लाइन, 3000 लोगों तक पहुंचेगा नल का जल

Published: Sat, 24 Oct 2026 04:26 PM (IST)

सुलतानपुर नगर पालिका सीताकुंड वार्ड की नई बस्ती में 90 मिमी गेज की नई पाइप लाइन बिछाएगी, जिससे 3000 लोगों ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सीताकुंड वार्ड में नई पाइप लाइन बिछाने की कार्ययोजना।

  2. तीन हजार लोगों की पेयजल समस्या होगी अब दूर।

  3. केन्द्रीय वित्त आयोग से 6.38 लाख रुपये की धनराशि आवंटित।

संवाद सूत्र, सुलतानपुर। नगर पालिका ने सीताकुंड वार्ड की नई बस्ती में 90 मिलीमीटर गेज की नई पाइप लाइन बिछाने की कार्ययोजना तैयार की है। पालिका की ओर से इसका टेंडर कराया गया है। पाइप लाइन बिछने के बाद तीन हजार लोगों की प्यास बुझेगी।

वर्तमान समय में नई बस्ती के नागरिक खुद की व्यवस्था से प्यास बुझा रहे हैं। केन्द्रीय वित्त आयोग से इसके लिए छह लाख 38 हजार की धनराशि आवंटित की गई है। पालिका की इस पहल से जल्द ही नागरिकों के घरों में टोटी का पानी पहुंचेगा।
यहां से बिछाई जाएगी पाइप लाइन

सीताकुंड वार्ड में कुंदन सिंह के मकान से महात्मा गांधी इंटर कॉलेज परिसर होते हुए कन्हई के घर के पास से अवधेश के मकान तक जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसका क्रियान्वयन होने के बाद टोटी खोलते ही लोगों को घरों में पानी मिल सकेगा।

सीताकुंड के मनोज कुमार, दीपक, संतोष कुमार, दिनेश प्रसाद,पवन कुमार ने बताया कि नई पाइप लाइन बिछने के बाद लोगों के पेयजल की जरूरत पूरी होगी। बताया कि यहां के अगल बगल लगे इंडिया मार्का हैंडपंप या फिर बंद बोतल पानी खरीदकर जैसे तैसे प्यास बुझा रहे हैं।

पालिका की इस पहल से बंद बोतल पानी खरीदने वाले लोगों का आर्थिक बोझ कम होगा। गर्मी के दिनों में यहां के लोगों को पेयजल के लिए कुछ ज्यादा ही परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिशासी अधिकारी लाल चन्द्र सरोज ने बताया कि नई पाइप लाइन के लिए धनराशि मिल चुकी है।

सीताकुंड में नई पाइप लाइन बिछाने के लिए टेंडर कराया जा चुका है। घरों के पास टोटी लगने के बाद लोगों को पेयजल की समस्या से राहत मिलेगी। पालिका की ओर से जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। -प्रवीन अग्रवाल, नगर पालिकाध्यक्ष।