अवधी गायक संजय यदुवंशी के घर दबिश पर हंगामा, परिजनों ने लगाया बिना वारंट घुसने और अभद्रता का आरोप
अवधी गायक संजय यदुवंशी के घर पुलिस दबिश पर परिजनों ने बिना वारंट घुसने और अभद्रता का आरोप लगाया है, जिसका एक वीडियो भी प्रसारित हुआ है।

HighLights
पुलिस ने अवधी गायक संजय यदुवंशी के घर दबिश दी।
परिजनों ने बिना वारंट घुसने और अभद्रता का आरोप लगाया।
पुलिस अधिकारियों ने आरोपों को निराधार बताया, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। मारपीट और हत्या के प्रयास में वांछित धम्मौर के अहिरन पुरवा निवासी अवधी गायक संजय यदुवंशी के परिवार ने पुलिस पर बिना वारंट घर में घुसने और अभद्रता के आरोप लगाए हैं। इसका एक वीडियो प्रसारित हुआ है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने आरोपों को निराधार बताया है।
नगर कोतवाली के तुराबखानी निवासी जफरुल हसन ने बीते सात सितंबर को संजय यदुवंशी, उसके भाई शिवा यदुवंशी, पाचोपीरन निवासी शादाब पठान, सचिन और पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जफरुल ने अपने बेटे शबीब से मारपीट और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया था। सोमवार रात धम्मौर पुलिस को सूचना मिली की संजय अहिरन पुरवा स्थित अपने घर आया है।
अभद्रता का लगाया आरोप
थाना प्रभारी विपेन्द्र कुमार वर्मा समेत पुलिस टीम उसे पकड़ने पहुंची थी। पुलिस ने संजय को बाहर बुलाने को कहा इस पर परिवारजन ने कहा कि वह घर में नहीं है। संजय के परिवार का कहना है कि पुलिस जबरन दीवार कूदकर घर में दाखिल हो गई और महिलाओं से अभद्रता की गई। उनके पास वारंट नहीं था। मामले से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है।
वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी, एक महिला, एक युवती और एक युवक दिख रहा है। इनके बीच बहस और धक्का-मुक्की हो रही है। एक सिपाही दीवार पर चढ़ता नजर आया है। वीडियो में कुछ जगह अपशब्द भी हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी बोर्ड ने परीक्षा व्यवस्था में किया बड़ा बदलाव: इंटरनल असेसमेंट खत्म, अब प्रैक्टिकल एग्जाम के आधार पर मिलेंगे अंक
वीडियो में पीछे से आवाज आ रही है जिसमें एक व्यक्ति कह रहा है 'मैं इंस्पेक्टर धम्मौर हूं'। अपर पुलिस अधीक्षक वृज नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक की तरफ से प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गई है। संजय के खिलाफ धम्मौर में तीन और नगर कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज है।
