शक्तिपुंज एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्ची को जन्म
शुक्रवार को चोपन स्टेशन पर शक्तिपुंज एक्सप्रेस के पहुंचने से पहले ही एक चर्चा का बाजार गर्म हो गया। इसकी जानकारी जहां तक पहुंची वहां से लोग भागे-भागे प्लेटफार्म पर पहुंचे।
जागरण संवाददाता, चोपन (सोनभद्र): शुक्रवार को चोपन स्टेशन पर शक्तिपुंज एक्सप्रेस के पहुंचने से पहले ही एक चर्चा का बाजार गर्म हो गया। इसकी जानकारी जहां तक पहुंची वहां से लोग भागे-भागे प्लेटफार्म पर पहुंचे। हालांकि घटना क्या थी यह किसी को स्पष्ट नहीं था। 108 एम्बुलेंस के पहुंचने के चलते लोग अलग-अलग कयास भी लगा रहे थे। इसी दौरान जब ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंची तो लोगों के कयास पर विराम लगा। दरअसल, इसी ट्रेन में एक महिला को प्रसव हुआ था।
शक्तिपुंज एक्सप्रेस कोलकाता से जबलपुर के बीच चलती है। इस ट्रेन से एक महिला अपने चार नाबालिग बच्चियों को लेकर डाल्टेनगंज स्टेशन पर चढ़ी। वह अपने पति के पास जामनगर जा रही थी। सीनियर टीटीई उमेश ¨सह के अनुसार महिला के टिकट से यह पता चला है कि वह जामनगर जा रही थी। उन्होंने बताया कि प्रसव पीड़ा की जानकारी जब उन तक पहुंची तो उन्होंने चोपन आने से पूर्व ही 108 एम्बुलेंस को फोन करके बुला लिया था। इसी दौरान महिला ने ट्रेन में एक बच्ची को जन्म दिया। इस दौरान उसका सहयोग ट्रेन में सवार अन्य महिलाओं ने किया। स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही टीटीई ने अन्य लोगों की सहायता से महिला को ट्रेन से उतरावकर एम्बुलेंस से चोपन चिकित्सालय अस्पताल भेजवाया। बता दें कि महिला की चार बच्चियां भी हैं। मिली जानकारी के मुताबिक जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। वहीं टीटीई के प्रयासों की चहुंओर सराहना हो रही है। इसकी सूचना उसके परिवारवालों को दे दी गई।