सोनभद्र के रेणुका पुल पर रेलिंग से टकराई बाइक, युवक की मौत; चाचा व भाई घायल
सोनभद्र के रेणुका पुल पर एक बाइक दुर्घटना में 21 वर्षीय युवक रमेश कन्नौजिया की मौत हो गई। वह अपने भाई की शादी के लिए लड़की देखकर लौट रहा था, जिसमें उसके चाचा और चचेरा भाई घायल हो गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
सोनभद्र के रेणुका पुल पर बाइक दुर्घटना में युवक की मौत।
शादी के लिए लड़की देखकर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा।
मृतक के चाचा घायल, चचेरा भाई प्राथमिक उपचार के बाद मुक्त।
जागरण संवाददाता, जुगैल (सोनभद्र)। बड़े भाई की शादी के लिए लड़की देखकर घर लौटे रहे युवक की बाइक दुर्घटना में मौत हो गई। उस पर सवार चाचा और चचेरा भाई घायल हो गया। पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है। जुगैल थाना क्षेत्र के टापू ग्राम पंचायत के गौरा टोला निवासी 21 वर्षीय रमेश कन्नौजिया अपने भाई राजू की शादी के लिए शनिवार की सुबह कोन थाना क्षेत्र के मिश्री गांव में लड़की देखने गया था।
उसके साथ बाइक पर उसके चाचा 48 वर्षीय गुलाब कन्नौजिया और उनका पुत्र 20 वर्षीय बबुंदर भी गए थे। तीनों लड़की देख कर शाम को बाइक से ही घर लौट रहे थे। वे रेणुका पुल पर पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल के रेलिंग से टकरा गई। हादसे में तीनों पुल पर ही गिर गए और घायल हो गए। जानकारी पर स्थानीय लोगों ने तीनों को चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने रमेश को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
बबुंदर को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया और गुलाब को भर्ती कर लिया। जिला अस्पताल जाने पर चिकित्सकों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। रमेश के सिर में अत्यधिक चोट लगने के कारण मौत हुई है। उसने हेलमेट लिया था लेकिन लगाया नहीं था। शनिवार की सुबह मृतक के घर काफी संख्या में ग्रामीण और ग्राम प्रधान रामसजीवन यादव पहुंचे। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।