सोनभद्र में NH-39 का 91 किमी हिस्सा होगा फोरलेन, डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया तेज
सोनभद्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के 91 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन बनाने की तैयारी तेज हो गई है, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा और जाम से निजात मिलेगी।

कलेक्ट्रेट में बैठक कर NH-39 के फोरलेन निर्माण को लेकर चर्चा करते जिलाधिकारी चर्चित गौड़। फोटो- जागरण
HighLights
राष्ट्रीय राजमार्ग-39 का 91 किमी हिस्सा होगा फोरलेन।
औद्योगिक क्षेत्रों में यातायात जाम से मिलेगी बड़ी राहत।
विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया तेज।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। जनपद में सड़क यातायात को सुगम बनाने और औद्योगिक क्षेत्रों में जाम की समस्या से निजात दिलाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के करीब 91 किलोमीटर लंबे हिस्से को फोरलेन बनाने की तैयारी तेज हो गई है।
मध्य प्रदेश बॉर्डर से अनपरा, रेणुकूट, हाथीनाला और दुद्धी होते हुए विंढमगंज तक सड़क का चौड़ीकरण प्रस्तावित है। परियोजना के धरातल पर उतरने से अनपरा और रेणुकूट के नागरिकों के साथ ही औद्योगिक इकाइयों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
डीपीआर तैयार करने के लिए डीएम ने की बैठक
फोरलेन परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सड़क के संरेखण (अलाइनमेंट) और सर्वे की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। कहा कि यह जनपद की महत्वपूर्ण और वृहद परियोजना है।
इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समयबद्ध ढंग से कार्य करें। उन्होंने राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम को एक माह के भीतर संरेखण सर्वे पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि सर्वे में अनावश्यक देरी न हो और अभिलेखीय व स्थलीय कार्यवाही निर्धारित समय में पूरी की जाए, ताकि डीपीआर गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
वाहनों के दबाव से लगता रहता है जाम, होगी राहत
भारत सरकार की ओर से प्रस्तावित इस परियोजना में मध्य प्रदेश सीमा से उत्तर प्रदेश-झारखंड सीमा तक करीब 91 किलोमीटर सड़क फोरलेन की जाएगी। इससे अनपरा और रेणुकूट में वाहनों के दबाव को कम करने के साथ जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। दुद्धी और विंढमगंज क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होने से क्षेत्रीय परिवहन को भी मजबूती मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।