विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनभद्र के करवनिया-टापू में बिजुल नदी पर बनेगा पुल, पहली किस्त में मिलेंगे 11.58 करोड़ रुपये

Published: Sat, 31 Oct 2026 08:26 PM (IST)

सोनभद्र के ओबरा विधानसभा क्षेत्र में करवनिया-टापू के पास बिजुल नदी पर पुल निर्माण को शासन से 23.17 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. बिजुल नदी पर पुल निर्माण को मिली स्वीकृति।

  2. परियोजना के लिए 23.17 करोड़ रुपये मंजूर।

  3. पहली किस्त में 11.58 करोड़ रुपये मिलेंगे।

प्रशांत शुक्ला, सोनभद्र। ओबरा विधानसभा क्षेत्र के चोपन ब्लॉक में करवनिया-टापू के पास बिजुल नदी पर सेतु निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने पुल के साथ पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 23 करोड़ 17 लाख 33 हजार रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी है।

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए 11 करोड़ 58 लाख 66 हजार रुपये अवमुक्त करने की मंजूरी भी मिल गई है। यानी परियोजना की आधी से अधिक नहीं बल्कि लगभग आधी धनराशि ही फिलहाल उपलब्ध कराने की स्वीकृति मिली है। शेष राशि के आवंटन का विवरण शासनादेश में नहीं है।

परियोजना को मंजूरी मिलने से क्षेत्र में बिजुल नदी पर सेतु निर्माण की उम्मीद मजबूत हुई है। हालांकि, शासनादेश जारी होने के बाद भी निर्माण कार्य तत्काल शुरू नहीं हो सकेगा। इसके लिए तकनीकी स्वीकृति, भूमि अधिग्रहण, उपयोगिता सेवाओं के स्थानांतरण और अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी।

सेतु निगम को सौंपी गई निर्माण की जिम्मेदारी

लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव शेषनाथ की ओर से जारी शासनादेश में परियोजना के लिए बजट की स्वीकृति दी गई है। निर्माण की जिम्मेदारी उप्र राज्य सेतु निगम लिमिटेड को सौंपी गई है। स्वीकृत धनराशि में 9 करोड़ 12 लाख 91 हजार रुपये और दो करोड़ 45 लाख 75 हजार रुपये शामिल हैं। शासन ने स्पष्ट किया है कि सक्षम स्तर से तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ और झारखंड में भारी बारिश से बढ़ा सोनभद्र के कनहर बांध का जलस्तर, खोले गए 4 गेट

समयसीमा चूकी तो अधिकारियों की होगी जवाबदेही

परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के लिए शासन ने निगरानी की व्यवस्था भी तय की है। लागत और समय में अनावश्यक वृद्धि रोकने के लिए संबंधित क्षेत्रीय मुख्य अभियंता को प्रत्येक सप्ताह समीक्षा करनी होगी। वहीं, विभागाध्यक्ष को कम से कम महीने में एक बार परियोजना की प्रगति की समीक्षा करनी होगी।

बिजुल नदी पर सेतु निर्माण की स्वीकृति मिल गयी है। उप्र राज्य सेतु निगम लिमिटेड इसका निर्माण कराएगा। शासन के निर्देश पर तेजी से काम आगे बढ़ाया जाएगा।- एसके सिंह, एक्सइएन लोक निर्माण विभाग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।