छत्तीसगढ़ और झारखंड में भारी बारिश से बढ़ा सोनभद्र के कनहर बांध का जलस्तर, खोले गए 4 गेट
छत्तीसगढ़ और झारखंड में मूसलाधार बारिश के कारण कनहर बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। सुरक्षा के मद्देनजर ...और पढ़ें

दुद्धी क्षेत्र के अमवार स्थित कनहर बांध के खुले गेट से बहता पानी
HighLights
कनहर बांध का जलस्तर भारी बारिश से तेजी से बढ़ा।
सुरक्षा हेतु बांध के चार स्पिलवे गेट खोले गए।
निचले इलाकों में अलर्ट जारी, सतर्क रहने की अपील।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। छत्तीसगढ़ और झारखंड के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश से कनहर बांध में पानी की आवक तेजी से बढ़ गई है। बांध का जलस्तर नियंत्रित रखने और सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार को चार स्पिलवे गेट खोल दिए गए। गेट संख्या दो, तीन, चार और पांच को एक-एक मीटर की ऊंचाई तक खोला गया है।
बांध प्रबंधन एवं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि वर्तमान में बांध का जलस्तर 265.100 मीटर है। पानी की आवक पर इंजीनियरों की टीम 24 घंटे नजर रख रही है। बारिश जारी रहने और पानी का दबाव बढ़ने पर अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं।
चार गेट खुलने से कनहर नदी के निचले और तटीय इलाकों में जलस्तर बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे और डूब क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने लोगों से मवेशियों को चराने, मछली पकड़ने या अन्य कार्यों के लिए नदी के घाटों पर नहीं जाने की अपील की है।
सिंचाई विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार बांध की सुरक्षा और जन-धन की रक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती इंतजाम किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- सोनभद्र में गाड़ी धोते समय बिजली की चपेट में आए ड्रैगलाइन ऑपरेटर, मौत के बाद पसरा मातम