सोनभद्र में गाड़ी धोते समय बिजली की चपेट में आए ड्रैगलाइन ऑपरेटर, मौत के बाद पसरा मातम
सोनभद्र के बीना आवासीय परिसर में एनसीएल के ड्रैगलाइन ऑपरेटर अमरेंद्र कुमार सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

सोनभद्र में गाड़ी धोते समय ड्रैगलाइन ऑपरेटर को लगा करंट, दर्दनाक मौत से परिवार में मातम।
HighLights
ड्रैगलाइन ऑपरेटर अमरेंद्र कुमार सिंह की करंट से मौत।
बीना आवासीय परिसर में गाड़ी धोते समय हुआ हादसा।
परिवार में शोक, विद्युत सुरक्षा पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, बीना (सोनभद्र)। एनसीएल की बीना आवासीय परिसर में शुक्रवार दोपहर करंट की चपेट में आने से ड्रैगलाइन ऑपरेटर अमरेंद्र कुमार सिंह (49) की मौत हो गई। वह प्रथम पाली की ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे। इसके बाद अपने आवास के गैरेज में प्रेशर वॉशर मशीन से गाड़ी की धुलाई कर रहे थे। इसी दौरान वह बिजली की चपेट में आ गए। हादसे की जानकारी होते ही कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, अमरेंद्र कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय ओंकारनाथ सिंह एनसीएल बीना परियोजना में ड्रैगलाइन ऑपरेटर के पद पर तैनात थे। शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह एम-731 स्थित अपने आवास के गैरेज में गाड़ी धो रहे थे। काफी देर तक बाहर कोई हलचल नहीं होने पर उनकी पत्नी सीमा देवी उन्हें देखने पहुंचीं।
गैरेज में पति को जमीन पर अचेत पड़ा देख वह घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। अमरेंद्र बिजली से संचालित प्रेशर वॉशर मशीन के संपर्क में थे। लोगों ने तत्काल मशीन का प्लग निकालकर बिजली आपूर्ति बंद की और उन्हें अलग किया।
इसके बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बीना आवासीय परिसर स्थित अटल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. राकेश सिंह ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण बिजली के चपेट में आना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर एनटीपीसी शक्तिनगर स्थित संजीवनी चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया। अमरेंद्र मूल रूप से बिहार के गया जिले के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, कॉलोनी के कर्मचारियों और परिचितों में शोक व्याप्त है।
हादसे की जानकारी मिलते ही एनसीएल के अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंच गए। घटना को लेकर कर्मचारियों में शोक के साथ ही आवासीय परिसर की विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।