सावित्री ने 1000 रुपये से शुरू किया था अचार-मसाले का कारोबार, अब दिल्ली से अयोध्या तक बढ़ी डिमांड
सीतापुर की सावित्री ने मात्र एक हजार रुपये से अचार और मसालों का कारोबार शुरू किया, जो अब दिल्ली, अयोध्या और प्रयागराज तक पहुंच गया है।
-1795086854704_m.webp)
आम का अचार तैयार कर रहीं जटहा गांव की सावित्री। (फोटो- जागरण)
HighLights
सावित्री ने ₹1000 से अचार-मसाले का कारोबार शुरू किया।
उत्पाद अब दिल्ली, अयोध्या और प्रयागराज तक पहुंच रहे हैं।
आरसेटी प्रशिक्षण और ऋण से व्यवसाय को मिली गति।
विनीत पांडेय, सीतापुर। हुनर, मेहनत और आत्मविश्वास का संगम हो तो छोटी सी शुरुआत भी सफलता की बड़ी कहानी लिख सकती है। सिधौली के जटहा गांव की सावित्री इसकी मिसाल बन गई हैं। उनके हाथों से तैयार चटखारेदार अचार और कूटे हुए मसालों की खुशबू अब गांव की गलियों से निकलकर दिल्ली, अयोध्या और प्रयागराज तक पहुंच चुकी है।
दिल्ली की मशहूर पराठा वाली गली हो या श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या का कॉरिडोर अथवा संगम नगरी प्रयागराज की गलियां, वहां के होटल, ढाबों और खानपान की दुकानों पर उनके उत्पादों की मांग बढ़ रही है। पराठा, रोटी और पूरी-कचौरी के साथ सावित्री के अचार का स्वाद ग्राहकों को खूब भा रहा है। यही वजह है कि एक बार स्वाद चखने वाले ग्राहक दोबारा इसकी मांग करने लगते हैं।
एक हजार रुपये से रखी कारोबार की नींव
सावित्री ने महज एक हजार रुपये की पूंजी से कारोबार की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में सीमित मात्रा में अचार तैयार किया और तत्कालीन बीडीओ राजेश तिवारी को उपलब्ध कराया। उन्होंने ब्लॉक स्तरीय प्रदर्शनी में सावित्री के अचार और मसालों को स्थान दिलाया।
इस पहल से उनके उत्पादों को पहचान मिली और बड़े स्तर पर काम करने का हौसला बढ़ा। हालांकि, आर्थिक तंगी कारोबार के विस्तार में बाधा बनी। ऐसे में आरसेटी के निदेशक अंकुश वर्मा ने बैंक से चार लाख रुपये का ऋण दिलाने में मदद की। इसके बाद सावित्री ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
आरसेटी के प्रशिक्षण ने निखारा हुनर
वर्ष 2024-25 में सावित्री ने इंडियन बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), जमैयतपुर खैराबाद से अचार और मसाला बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। यहां उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, मसाले तैयार करने और अचार बनाने की बारीकियां सीखीं। साथ ही कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के तौर-तरीकों की जानकारी भी हासिल की।
प्रशिक्षण के बाद विकास भवन, बैंकों और रोजगार मेलों में उनके उत्पादों को बाजार मिलने लगा। स्थानीय स्तर पर मिली सराहना ने बड़े बाजारों तक पहुंचने का रास्ता खोल दिया।
सहयोग से मिली बाजार में पहचान
सावित्री बताती हैं कि तत्कालीन बीडीओ राजेश तिवारी और प्रयागराज के मनोज कुमार के सहयोग से उनके उत्पादों को दिल्ली, अयोध्या और प्रयागराज के होटलों तथा सरकारी केंद्रों तक पहुंचाने में मदद मिली। अब दूर-दराज के क्षेत्रों से भी ऑर्डर मिलने लगे हैं। एक हजार रुपये से शुरू हुआ यह सफर आज उनके आत्मविश्वास, स्वरोजगार और महिला उद्यमिता की प्रेरक कहानी बन चुका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।