ना मजदूरों की जरूरत ना पराली प्रबंधन की झंझट, अब हार्वेस्टर से होगी गन्ने की कटाई; गोंडा के 4.87 लाख किसानों को सौगात
गोंडा सहित देवीपाटन मंडल में गन्ना विभाग अब किराए पर हार्वेस्टर से गन्ने की कटाई कराएगा, जिससे किसानों को समय ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गन्ना विभाग किराए पर हार्वेस्टर से कटाई की सुविधा देगा।
प्रति क्विंटल 55 रुपये की दर से कटाई करा सकेंगे किसान।
हार्वेस्टर से कटाई से उत्पादन बढ़ेगा, पराली प्रबंधन भी होगा।
संवाद सूत्र, गोंडा। गन्ने की कटाई व ढुलाई में किसानों को राहत देने के लिए गन्ना विभाग अब किराए पर गन्ने की कटाई कराएगा, इसके लिए देवीपाटन मंडल की चार गन्ना समिति व जरवलरोड चीनी मिल में केन हार्वेस्टर की खरीदारी की गई है।
किसान समिति में आवेदन करके 55 रुपये क्विंटल गन्ने की कटाई करा सकते हैं। चीनी मिल ने किसान के खेत से गन्ने के ढुलाई की भी व्यवस्था की है। समय की बचत के साथ ही पराली प्रबंधन भी हो सकेगा। देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती जिले में चार लाख 87 हजार किसान दो लाख 80 हजार 500 हेक्टेयर में गन्ने की खेती करते हैं।
किस समिति में खरीदा गया शुगरकेन हार्वेस्टर
- गोंडा जिले की गन्ना विकास समिति मनकापुर व नवाबगंज, बलरामपुर, बहराइच जिले में जरवलरोड में शुगरकेन हार्वेस्टर की खरीदारी की गई है। इसके अलावा जरवलरोड चीनी मिल ने एक हार्वेस्टर की खरीदारी की है। इनमें हार्वेस्टर के अलावा दो ट्रैक्टर-ट्राली व दो इनफील्डर भी शामिल हैं।
शुगर केन हार्वेस्टर कटाई के लिए किसान क्या करें
- 15 दिन गन्ने की सिंचाई रोक दें, खेत में मशीन के प्रवेश के लिए थोड़ा गन्ना काटकर जगह बना लें। पौध की बोआई चार फीट दूरी पर करें।
एक घंटे में 100-150 क्विंटल गन्ने की होगी हार्वेस्टर से कटाई
- हार्वेस्टर से एक घंटे में 100 से 150 क्विंटल गन्ने की कटाई होगी। आठ घंटे में 1000 से 1200 क्विंटल गन्ने की कटाई हो सकती है।
हार्वेस्टर से कटाई के क्या हैं फायदे
- हार्वेस्टर से कटाई के दौरान अगोला काटकर चारे के लिए अलग किया जा सकता है। गन्ने के पत्तियों के छोटे-छोटे टुकड़े होने से खेत की मिट्टी में मिल जाएगी, इससे फसल अवशेष जलाने पर रोक लगेगी। श्रमिक गन्ने की कटाई करते समय नीचे का थोड़ा भाग छोड़ देते हैं। हार्वेस्टर से कटाई जड़ से होगी, इससे प्रति हेक्टेयर गन्ने का उत्पादन 25-30 क्विंटल बढ़ जाएगा। समय की बचत होने के साथ ही पेड़ी का फुटाव अच्छा होगा। गन्ना कटाई के बाद निराई-गुड़ाई की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
किस समिति में कितने किसानों ने किया आवेदन
- मनकापुर में 152, बलरामपुर 349, जरवलरोड 86, परसेंडी 120, मोतीनगर में 23 किसानों ने हार्वेस्टर से कटाई के लिए आवेदन किया है।
देवीपाटन मंडल की चार गन्ना समिति व जरवलरोड चीनी मिल ने शुगर केन हार्वेस्टर खरीदा है, इससे गन्ने की कटाई में आसानी होगी। किसान गन्ना समिति में आवेदन कर सकते हैं। - डॉ. आरबी राम, उप गन्ना आयुक्त देवीपाटन परिक्षेत्र
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।