सीतापुर में बांस के पुल पर टिकी जिंदगी, जान जोखिम में डालकर स्कूल जाते हैं बच्चे
सीतापुर के कमहरिया गांव में केवानी नदी पर पक्का पुल न होने से ग्रामीण और स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर बांस के अस्थायी पुल से आवागमन करते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी पुल के निर्माण की मांग की है, क्योंकि हर साल ग्राम प्रधान को निजी खर्च पर अस्थायी पुल बनवाना पड़ता है।
-1795168413612_m.webp)
HighLights
केवानी नदी पर पक्के पुल के अभाव से आवागमन बाधित।
स्कूल जाने वाले बच्चे बांस के अस्थायी पुल से गुजरते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी पुल निर्माण की तत्काल मांग की।
कृष्ण मोहन मिश्र, महाराज(सीतापुर)। कमहरिया गांव में केवानी नदी ग्रामीणों के लिए रोजमर्रा की जिंदगी की बड़ी बाधा बनी हुई है। नदी पर पक्का पुल न होने से आवागमन के लिए ग्रामीणों को लकड़ी और बांस से तैयार अस्थायी पुल का सहारा लेना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति स्कूली बच्चों की है, जिन्हें प्रतिदिन इसी जोखिम भरे पुल से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। पुल पार करते समय जरा सी चूक बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित रहते हैं, लेकिन मजबूरी में उन्हें इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। नदी पर स्थायी पुल न होने के कारण हर बार ग्राम प्रधान को अपने निजी खर्च से बांस का पुल बनवाना पड़ता है। इस पर करीब 50 हजार रुपये खर्च होते हैं। किसान नेता शुभम रस्तोगी, अलादीन, उत्तम, छोटे, अलीम मंसूरी ने ग्रामीणों ने बताया कि ने इस समस्या निस्तारण कराने की मांग उठाई है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा हासिल करने के लिए असुरक्षित पुल से होकर गुजरना पड़ रहा है। यह महज आवागमन का मामला नहीं, बल्कि बच्चों की जिंदगी और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल है। प्रशासन को गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कराना चाहिए और पक्के पुल के निर्माण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
हर बार 50 हजार रुपये की अस्थायी व्यवस्था
ग्राम प्रधान श्रीमती ने बताया कि केवानी नदी पर पक्का पुल न होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कत होती है। उनकी सुविधा के लिए निजी खर्च से इसके निर्माण पर करीब 50 हजार रुपये खर्च करते हैं। पुल कमजोर होने पर दोबारा निर्माण की जरूरत पड़ती है। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। प्रशासन इसओर ध्यान नहीं दे रहा है।
बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा
गांव के स्कूली बच्चों के सामने सबसे बड़ी चुनौती नदी पार करने की है। रोजाना लकड़ी और बांस से बने अस्थायी पुल से गुजरकर बच्चे विद्यालय पहुंचते हैं। अभिभावकों को आशंका रहती है कि कहीं पुल से फिसलकर कोई बच्चा नदी में न गिर जाए। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए पक्के पुल का निर्माण प्राथमिकता पर होना चाहिए।