सीतापुर जिला अस्पताल के दंत रोग विभाग की ओपीडी में जगह कम, 5 महीने से एक्स-रे मशीन है बंद
सीतापुर जिला अस्पताल का दंत रोग विभाग 100 वर्गफीट के छोटे से कमरे में संचालित हो रहा है, जिससे सुविधाओं के बावजूद मरीजों को परेशानी हो रही है।

दंत रोग विभाग के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
HighLights
दंत रोग विभाग 100 वर्गफीट के सीमित कक्ष में संचालित।
पांच माह से एक्स-रे मशीन जगह न मिलने से बंद।
मरीजों को जांच के लिए निजी केंद्रों पर जाना पड़ रहा।
संवाद सूत्र, सीतापुर। जिला अस्पताल के दंत रोग विभाग में सुविधाएं तो बढ़ रही हैं, लेकिन उनके सापेक्ष जगह की कमी है। करीब 100 वर्ग फीट के सीमित कक्ष में पूरा दंत रोग विभाग संचालित हो रहा है। इसी कक्ष में चार डेंटल चेयर, चिकित्सकों व स्टाफ के बैठने की व्यवस्था और अन्य उपकरण रखे गए हैं। यही वजह है कि पांच माह पहले विभाग के लिए आई एक्स-रे मशीन स्थान न मिलने से बंद रखी है। इसका सीधा असर दांतों की जांच कराने आने वाले मरीजों पर पड़ रहा है।
विभाग में एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को जांच के लिए बाहर निजी केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। विभाग में रूट कैनाल ट्रीटमेंट (आरसीटी) की सुविधा के लिए भी उपकरण आ गए हैं। इन उपकरणों के उपयोग को लेकर संशय बना हुआ है।
दंत रोग विभाग के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। चार डेंटल चेयर और अन्य संसाधन होने के बावजूद सीमित स्थान के कारण व्यवस्थाएं बिखरी हुई हैं। सिर्फ इसमें से सिर्फ दो डेंटल चेयर का उपयोग किया जा रहा है। उपकरण बढ़ने के साथ कक्ष और अधिक तंग होता जा रहा है।
दंत रोग विभाग में स्थान की कमी के संबंध में बताए जाने पर सीएमएस डा. इन्द्र सिंह निरीक्षण भी कर चुके हैं। इसके बावजूद विभाग के विस्तार अथवा एक्स-रे मशीन को स्थापित करने के लिए अब तक कोई ठोस कार्ययोजना सामने नहीं आई है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक को पत्राचार किया गया है।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ इन्द्र सिंह ने बताया कि दंत रोग विभाग में स्थान की कमी है। एक्स-रे मशीन को स्थापित करने के लिए प्रयास किया जा रहा है ताकि मरीजों को इसका लाभ मिल सके।
यह भी पढ़ें- निजी हाथों में जाएंगे यूपी के 4 बड़े सरकारी अस्पताल, लोगों को स्थानीय स्तर पर मिलेंगी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।